
-पुरूलिया पुलिस ने सुरक्षा देने से किया इनकार
– अपनी सुरक्षा के भरोसे पुरुलिया जाएंगे यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ
Bokaro: मंगलवार को यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की पुरुलिया में होने वाली सभा पर फिर से संकट के बादल छाने लगे हैं. योगी आदित्यनाथ के हेलीकॉप्टर के लैंडिंग स्थल को बदल दिया गया है. चास के नगेन मोड़ के जिस स्थान पर योगी आदित्यनाथ के हेलिकॉप्टर की लैंडिंग होनी थी, अब वहां ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी सभा को संबोधित करेंगे.
साथ ही पुरुलिया पुलिस योगी आदित्यनाथ को सुरक्षा देने से मना कर चुकी है. अब वे अपनी सुरक्षा पर पुरुलिया जाएंगे. ज्ञात हो कि यूपी सीएम को पहले नगेन मोड़ में उतर कर सड़क मार्ग से पुरुलिया जाना था. अब चंदनकियारी में हेलिकॉप्टर की लैंडिंग करायी जाएगी. वहां से वे बरमसिया के रास्ते पुरुलिया जाएंगे.
अपनी सिक्युरिटी के भरोसे जाएंगे पुरुलिया
सुत्रों की मानें तो पुरुलिया पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को सुरक्षा देने से मना कर दिया है. उन्हें अपनी सुरक्षा के भरोसे कार्यक्रम स्थल तक जाना होगा. मुख्यमंत्री के पास अपनी जेड प्लस सुरक्षा रहती है, जिसमें 40 करीब जवान रहते हैं.
उल्लेखनीय है कि तृणमूल कांग्रेस ने बरटांड में सभा का आयोजन कर दिया है. सभा को ममता के भतीजे अभिषेक बनर्जी द्वारा संबोधित किया जाना है. ऐसी स्थिति में भाजपा और टीएमसी के कार्यकर्ताओं के बीच संभावित टकराव को देखते हुए पश्चिम बंगाल ने योगी आदित्यनाथ को सुरक्षा देने से इनकार कर दिया है.
ममता ने योगी के हेलीकॉप्टर को उतारने की नहीं दी थी अनुमति
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को पश्चिम बंगाल के बालूरघाट में रैली को फोन से संबोधित किया था. रविवार को योगी आदित्यनाथ की रायगंज व बालूरघाट में दो रैलियां आयोजित होने वाली थीं, लेकिन अंतिम समय पर ममता सरकार ने योगी के हेलीकॉप्टर को लैंडिग की अनुमति नहीं दी. इसके बाद योगी ने फोन पर रैली को संबोधित किया था.
इसे भी पढ़ेंः लोकसभा चुनावः खूंटी के लिए एक दर्जन से अधिक हेवी वेट उम्मीदवारों की दावेदारी




