
Aara : जिले में पिछले दिनों शहीद बाबू वीर कुंवर सिंह के वंशज के मौत के मामले में एसपी ने 11 जवानों को शुक्रवार को निलंबित कर दिया है. जांच में तेज़ी लाने के लिए एसआइटी के साथ खुद पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी किले में कैंप कर रहे हैं. जवान ओम प्रकाश राम, साह आलम, सरफराज अहमद, शंकर कुमार गुप्ता, मसरुब आलम, संदीप कुमार, सुनील कुमार पासवान, मदन कुमार राम, भूपेंद्र कुमार, विनय कुमार, तजमुल हुसैन को निलंबित किया गया है.
कुंवर रोहित सिंह कि मौत मामले की जांच के लिए पटना से फोरेंसिक की टीम ने जगदीशपुर किले के परिसर से मिट्टी, ब्लड के नमूने के साथ कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किया. उसे जांच के लिए एफएसएल लैब भेजा गया.
एफएसएल की तीन सदस्यीय टीम को रोहित सिंह के परिवारवालों ने जहां-जहां ब्लड गिरने की आशंका जतायी, वहां से फोरेंसिक की टीम ने साक्ष्य को एकत्रित किया. टीम ने करीब दो से ढाई घंटे तक किले की गहनता से जांच की और सैंपल को प्रिजर्व किया.
गौरतलब है कि बाबू वीर कुंवर सिंह के वंशज कुंवर रोहित सिंह की सीआइएटी के जवानों के द्वारा कथित पिटाई से मौत का आरोप परिजनों ने लगाया था.
इसे भी पढ़ें:Mega Health Camp: प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर का मेगा हेल्थ कैंप दो अप्रैल को, ये रही पूरी जानकारी
इस मामले में मृत युवक रोहित सिंह की मां पुष्पा सिंह ने किले में तैनात सीआइएटी टीम के 3 जवानों समेत एक रसोईया मोहम्मद सदाम इद्रीस के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया था.
तीनों आरोपित जवानों को चिन्हित कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. रोहित सिंह की मौत मामले में जांच प्रक्रिया में तेज़ी लायी गयी है. पूरे मामले की तकनीकी के साथ वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है.
इसे भी पढ़ें:Ram Navami 2022: अखाड़ा जुलूस निकालने की इजाजत से समितियों में उत्साह, जम्बू अखाड़ा ने की है खास तैयारी, जानिए




