
Muzaffarpur: उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा गठबंधन पर बोलते हुए राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ नेता रघुवंश प्रसाद सिंह ने रविवार को कहा है कि इससे कांग्रेस को बाहर रखना गलत है. और यह भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर गठबंधन के मामले में अच्छे संकेत नहीं है.
राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने सलाह दी है कि इसे संशोधित करते हुए इस गठबंधन में सबसे पुरानी पार्टी को शामिल किया जाना चाहिए. बिहार में राजद भी उस महागठबंधन का हिस्सा है जिसमें कांग्रेस, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (एस) और मुकेश साहनी की विकासशील इंसान पार्टी शामिल है .
ज्ञात हो कि यूपी की राजनीति में एकदूसरे के चिर प्रतिद्वंद्वी रहे समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी ने में आगामी लोकसभा चुनाव में आपस में 38-38 सीटें बांट ली और कांग्रेस को गठबंधन से बाहर कर दिया. उन्होंने कहा कि गठबंधन राज्य के लिए अनुकूल है, लेकिन राष्ट्रीय स्तर पर राजनीति के लिए यह ठीक नहीं है .
रधुवंश सिंह ने कहा, ‘अगर हम (विपक्ष) राष्ट्रीय स्तर पर एक विकल्प देना चाहते हैं, तो भाजपा विरोधी सभी ताकतों को उन्हें हराने के लिए एक साथ आना होगा. यह सबसे सही समय है जब उन्हें इस गठंबंधन में संशोधन करते हुए कांग्रेस को इसमें शामिल करना चाहिए.
इधर बिहार महागठबंधन में शामिल हम (एस) के प्रमुख एवं पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने कहा, ‘‘अगर सपा-बसपा उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की अनदेखी करेंगे, तो उन्हें हार का सामना करना पड़ सकता है और भाजपा जीत सकती है.’’
इसे भी पढ़ेंः CBI विवाद में सेलेक्ट कमेटी का हिस्सा रहे जस्टिस सीकरी ने ठुकराया मोदी सरकार का प्रस्ताव




