
Ranchi: केंद्र सरकार के निर्देश पर झारखंड में 2008-09 के समय हुए मनरेगा घोटाले से जुड़ी दर्जनों फाइलों को ग्रामीण विकास विभाग तलाश रहा है. विभाग के अफसर अलमीरा में पड़े फाइलों को निकाल रहे हैं. हालांकि, चतरा व खूंटी में हुए इस हाइ प्रोफाइल घोटाले में जांच प्रक्रिया पहले ही पूरी हो गयी है. कई एनजीओ और इंजीनियरों पर कार्रवाई हुई है. लेकिन इस मामले में उस वक्त रही आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल को कार्मिक विभाग से क्लीन चिट दी गयी थी, जो ईडी के जांच के दायरे में है.
ऐसे में ईडी की रेड में इनके ठिकानों से 19 करोड़ के अधिक की रकम मिली है, इसमें मनरेगा के पैसे होने की बात कही जा रही है. ऐसे में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय के सचिव ने इस पूरे मसले पर झारखंड के ग्रामीण विकास विभाग से रिपोर्ट मांगी है. केंद्र ने इस मामले में क्या-क्या कार्रवाई की गयी है इसकी पूरी फाइल मुवमेंट की जानकारी देने को कहा है. 26 करोड़ से अधिक के इस स्कैम से इस मामले में आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल पर ईडी की दबिश है. विभाग संचिका को मिलते ही सारी जानकारी केंद्र को उपलब्ध करायेगा. हाइकोर्ट व ईडी के मांगने पर भी इसे उपलब्ध कराया जायेगा.




