
Giridih: जिले के तिसरी थाना इलाके के पालमरुआ के अदसार मदरसा के समीप शनिवार को मुहर्रम के जुलुस में एक ही समुदाय के दो पक्षों में खूनी झड़प हो गई, जिसमें कई लोग घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर तत्काल तिसरी थाना प्रभारी प्रदीप कुमार पुलिस जवानों के संग पहुंचे और हालात को अपने नियंत्रण में लिया. थाना प्रभारी ने दोनो पक्ष के लोगों को समझा बुझाकर शांत कराकर स्थिति पर काबू पाया.

मौके पर तैनात हुआ भारी पुलिस बल
बताया जा रहा है कि अडसार मदरसा के समीप जुलूस के दौरान दोनों पक्ष आपस में इस कदर भिड़े कि एक दूसरे पर जमकर लाठी और पत्थर चलाया. वहीं घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को भी दोनों पक्षों को शांत कराने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा. घटना के बाद अडसार मदरसा के समीप काफी संख्या में पुलिस जवानों को तैनात कर दिया गया है जबकि हालात पर नजर रखने के लिए डीएसपी के साथ बीडीओ संतोष प्रजापति, तिसरी के लोकायनायनपुर थाना प्रभारी समेत काफी संख्या में पुलिस जवानों को तैनात रखा गया है. इधर तिसरी थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने जानकारी देते हुए कहा की मामले में डीएसपी संजय राणा द्वारा की कुछ कहा जा सकता है. वैसे मामला पूरी तरह से शांत है और पुलिस बल तैनात है.

घटनास्थल से मिले जानकारी के अनुसार दोनों ओर से हुए पत्थरबाजी और लाठीबाजी में जिन लोगों के घायल होने की बात सामने आई है उसमें मोहम्मद शाहजाद, मोहम्मद नूर आलम, मोहम्मद नशरूल, मोहम्मद बारीक, मोहम्मद जशीम, जाबिर, अरमान, इस्लाम, ग्यास, इरशाद समेत अन्य शामिल है. फिलहाल सभी घायलों का इलाज तिसरी स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है. इस झड़प में घायलों के सिर,हाथ व कंधे में चोटें आई है.
बताया जा रहा है कि मुहर्रम में ताजिया जुलूस निकलाने की परंपरा पूरी की जा रही थी तो इसी दौरान एक पक्ष की ओर से ताजिया निकाला गया था. यही ताजिया जब तिसरी थाना इलाके के कर्मतांड में पहुंचा, तो अखाड़ा के बीच ताजिया घुसाने के दौरान ही कुछ लोगों को लाठी से चोट लग गई. जिससे उन लोगों का गुस्सा भड़का और वो ताजिया लिए घुसने का प्रयास कर रहे लोगों पर लाठी चलाना शुरू कर दिए. किसी तरह उस वक्त हालात को संभाल लिया गया. लेकिन कुछ देर बाद ही पालमरुआ के अदरसा मदरसे के समीप दोनो पक्ष आमने सामने हो गए, और एक दूसरे पर जमकर लाठी चलाने के साथ रोड़ेबाजी भी किया. जिसमें दर्जन भर लोग घायल हो गए.




