
Ranchi: आज पारस अस्पताल परिवार ने 2500 पुस्तकें नमो बुक बैंक को प्रदान की. इसके साथ ही सांसद श्री संजय सेठ द्वारा किए गए नमो बुक बैंक ने पुस्तकें प्राप्त करने का ढाई लाख का लक्ष्य पूर्ण कर लिया. इस अवसर पर सांसद श्री संजय सेठ ने खुद पारस अस्पताल जाकर, वहां से पुस्तकें प्राप्त की. इस अवसर पर सांसद में अस्पताल परिवार द्वारा आयोजित इस सहयोग कार्यक्रम की सराहना की. सांसद ने इस अवसर पर कहा कि नवंबर 2020 में बुक बैंक हमने आरंभ किया था, तभी मुझे विश्वास था कि समाज इस बुक बैंक को सफलता के शिखर तक ले कर जाएगा. यह कार्य पूर्ण हुआ. सांसद ने कहा कि यह ज्ञान बांटने का एक महायज्ञ है, जिसमें समाज ने आहुति देने का काम किया. समाज के हर वर्ग में आहुति देने का काम किया. जो भी लोग मेरी इस मुहिम में खड़े रहे, उनकी तारीफ के लिए मेरे पास शब्द नहीं है.
सांसद ने कहा कि बुक बैंक के संचालन में समाज ने जो सहयोग दिया, उसके लिए आभार प्रकट करता हूं. सांसद ने कहा कि इस बुक बैंक की प्रशंसा खुद माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने भी की. बुक बैंक को लेकर उनके लिखे गए शब्दों ने हम सबमें और भी ऊर्जा और उत्साह का संचार किया है. प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा हम सबको समाज हित में काम करने की शक्ति प्रदान करती है.
बुक बैंक के लिए पुस्तकें प्रदान करने के क्रम में अस्पताल परिवार ने आज सेल्फी प्वाइंट बना, लोगों को प्रोत्साहित किया. मेडिकल डायरेक्टर डॉ० संजय ने घोषणा की कि पारस अस्पताल नमो बुक बैंक के पुस्तक संग्रह का एक केंद्र बनेगा. इस क्षेत्र के लोग यहां पर भी अपनी पुस्तकें जमा कर सकते हैं. डॉ० संजय ने सांसद को सुझाव दिया कि नमो बुक बैंक, नमो टॉय बैंक के बाद हमें नमो कपड़ा बैंक का भी शुभारंभ करना चाहिए. कई घरों में कपड़े पड़े रहते हैं, जो बच्चों को छोटे हो जाते, उनके काम नहीं आते. ऐसे कपड़े हम दूसरे बच्चों को दे सकते हैं. उनके सुझाव पर काम करने की बात सांसद श्री सेठ ने कही. इस आयोजन में डॉ० रमेश दास, डॉ० नीतीश कुमार, डॉ अंशु अग्रवाल, डॉ अंकुर सौरव, डॉ अनुज कुमार सहित अन्य सदस्यों ने सराहनीय भूमिका निभाई.
इसे भी पढ़ें: इमा कराटे प्रशिक्षण शिविर में कराटे खिलाड़ियों को मिली एडवांस कूमिते के तकनीक की जानकारी




