Dhanbad

मोहर्रम को लेकर धनबाद पुलिस अलर्ट, जिले को 7 जोन में बांटा

Dhanbad: मुहर्रम को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त माधवी मिश्रा, वरीय पुलिस अधीक्षक हृदीप पी जनार्दनन तथा अपर समाहर्ता (विधि व्यवस्था) हेमा प्रसाद ने संयुक्त आदेश जारी कर जिले को 7 जोन में बांटा है. मुहर्रम के अवसर पर जिले को धनबाद, कतरास, चिरकुंडा, झरिया, गोविंदपुर, टुंडी एवं तोपचांची ज़ोन में बाटा गया है. सभी जोन में जोनल दंडाधिकारी एवं वरीय पुलिस पदाधिकारी तथा सभी थाना व ओपी में पुलिस पदाधिकारी के साथ दंडाधिकारी मौजूद रहेंगे.
मुहर्रम के अवसर पर जिला नियंत्रण कक्ष 16 जुलाई को दोपहर 2:00 बजे से 18 जुलाई की सुबह 6:00 बजे तक कार्यरत रहेगा। अनुमंडल पदाधिकारी श्री उदय रजक जिला नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभार में रहेंगे। जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 2311217, 2311807 व 100 है। किसी भी प्रकार की आकस्मिक दुर्घटना के फलस्वरुप त्वरित इलाज के लिए बीसीसीएल सेंट्रल हॉस्पिटल और एसएनएमएमसीएच के अधीक्षक को आकस्मिक वार्ड में समुचित व्यवस्था के साथ चिकित्सकों की टीम पालीवार प्रतिनियुक्त करने का आदेश है. साथ ही सिविल सर्जन को जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों, उप स्वास्थ्य केंद्रों में चौबीसों घंटे पालीवार चिकित्सक, एएनएम, जीएनएम व कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आवश्यक जीवन रक्षक दवाओं के साथ चिकित्सक की प्रतिनियुक्ति एवं एंबुलेंस रखने का आदेश है. संयुक्त आदेश में अनुमंडल पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, साइबर थाना को सोशल मीडिया व विभिन्न तरह के व्हाट्सएप ग्रुप इत्यादि पर लगातार नजर रखने का भी निर्देश है. इसके अलावा साफ सफाई व स्वच्छता एवं निर्बाध रूप से विद्युत व पेयजल आपूर्ति करने का आदेश है.

Related Articles

Back to top button