
Ranchi : राजधानी रांची के नामकुम थाना के नजदीक एक ट्रक ने स्कूटी को रौंद दिया. इस हादसे में एक महिला की मौत हो गयी जबकि स्कूटी पर सवार एक अन्य महिला और एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गये हैं. उन्हें रिम्स में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बतायी जाती है. घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार एक स्कूटी पर दो महिलाएं एक बच्चे के साथ नामकुम से दुर्गा सोरेन चौक की ओर आ रही थीं. थाना के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने स्कूटी को धक्का मार दिया. इससे स्कूटी चला रही महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. वहीं एक महिला और बच्चे को गंभीर हालत में रिम्स में भर्ती कराया गया है. मृतक महिला कांके थाना क्षेत्र की बताई जा रही है. नामकुम थाना प्रभारी सुनील कुमार तिवारी ने बताया कि फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो पाई है. घायल महिला और बच्चा बात करने की स्थिति में नहीं हैं.
ट्रक ड्राइवर को पुलिस ने किया गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल से भाग रहे ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है. ट्रक धक्का मारकर भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस की चौकसी की वजह से ड्राइवर को पुलिस ने एक किलोमीटर खदेड़ कर पकड़ लिया. फिलहाल पुलिस इस मामले की तहकीकात कर रही है और गिरफ्तार ड्राइवर से पूछताछ कर रही है.
इसे भी पढ़ें – हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से सजा पुनरीक्षण बोर्ड की ओर से छोड़े गए कैदियों का मांगा ब्योरा




