
NewDelhi : भारतीय खुफिया एजेंसियों को मिले इनपुट के अनुसार पाकिस्तानी सेना ने आतंकी संगठन जैश-ए मोहम्मद के हेडक्वार्टर को कंट्रोल में लेने से पहले बड़ी साजिश को अंजाम दिया है. खबरों के अनुसार पाकिस्तानी सेना ने पुलवामा हमले को अंजाम देने वाले जैश-ए-मोहम्मद के सरगना आतंकी मसूद अजहर समेत छह टॉप कमांडरों को सुरक्षित स्थान पर छिपा लिया है. इससे पाकिस्तान का आतंकी चेहरा एक बार फिर बेनकाब हुआ है. खुफिया एजेंसियों के अनुसार भारत की कार्रवाई से डरे पाकिस्तान की पंजाब सरकार ने जैश मुख्यालय को नियंत्रण में ले लिया है. जैश का मुख्यालय पाकिस्तान के बहावलपुर में है. . बता दें कि जैश ने ही पुलवामा हमले की जिम्मेदारी ली थी. पाकिस्तान की इस कार्रवाई को नया ड्रामा माना जा रहा है. दरअसल, पाकिस्तान आतंकी मसूद अजहर को बचाने की कोशिश में है. बहावलपुर में ही पाकिस्तान सेना का 31 कोर का मुख्यालय है.
पंजाब सरकार ने जैश के मुख्यालय पर अपना प्रशासक तैनात कर दिया है
सूत्रों के अनुसार आतंकी संगठन जैश-ए मोहम्मद के चीफ मसूद अजहर को पाकिस्तानी सेना ने आईएसआई के सेफ हाउस में छिपाया है. पाकिस्तान गृह मंत्रालय के प्रवक्ता ने अपने एक बयान में कहा, पंजाब सरकार ने जैश के मुख्यालय को अपने कब्जे में ले लिया है और अपना प्रशासक वहां पर तैनात कर दिया है. प्रवक्ता ने यह भी कहा कि यह कार्रवाई गुरुवार को प्रधानमंत्री इमरान खान की अध्यक्षता में हुई एनएससी की बैठक में लिये गये निर्णय के बाद की गयी. प्रवक्ता के अनुसार फिलहाल 600 छात्र इस मुख्यालय में पढ़ते हैं और 70 शिक्षक तैनात हैं. पंजाब पुलिस कैंपस को सुरक्षा प्रदान कर रही है.




