
Ranchi : अरसे से संथालपरगना में ट्रेन सेवाओं के इंतजार में बैठे लोगों के लिए अच्छी खबर है. गोड्डा, मधुपुर, जसीडीह जैसे इलाकों में रहनेवालों के लिए देश के बड़े शहरों में जाने का सफर आसान होने को है. रेलवे मंत्रालय ने इन जगहों से आसनसोल, अहमदाबाद, पुणे, गोवा और रांची के लिए ट्रेन सेवाओं को शुरू किये जाने का कार्यक्रम तय किया है. इसके तहत अगले 29 सितंबर तक कई अहम ट्रेन सेवाएं शुरू की जायेंगी.
गोड्डा सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने इस पहल के लिए केंद्र सरकार का आभार जताने के साथ-साथ संथाल के लोगों को बधाई भी दी है. कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर सेवा व समर्पण अभियान के तहत संथालपरगना को रेल मंत्रालय ने शानदार सौगात दी है.
25 सितंबर से 29 सितंबर के बीच संथाल के अलग-अलग इलाकों से रेल सेवाओं का शुभारंभ होगा. सभी कार्यक्रमों में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव मौजूद रहेंगे.
इसे भी पढ़ें: जयपाल सिंह मुंडा ओवरसीज स्कॉलरशिप के लिए ब्रिटेन ने झारखंड सरकार को दी बधाई
किस दिन कौन सी ट्रेन सेवा
कविगुरु एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव नोनीहाट स्टेशन पर भी होगा. इसके लिए 25 सितंबर की शाम 5.30 बजे इसी स्टेशन पर एक कार्यक्रम होगा. मधुपुर स्टेशन पर 26 सितंबर को दोपहर 1.15 पर होनेवाले कार्यक्रम में आसनसोल-अहमदाबाद एक्सप्रेस ट्रेन का शुभारंभ किया जाना है.
जसीडीह स्टेशन पर 27 सितंबर को दोपहर 1.15 से जसीडीह- पुणे ट्रेन सेवा का शुभारंभ किया जायेगा. इसी स्टेशन से जसीडीह-गोवा ट्रेन सेवा शुरू होगी.
28 सितंबर को दोपहर 1.15 बजे इसका शुभारंभ जसीडीह में होगा. 29 सितंबर को दोपहर 1.15 बजे गोड्डा स्टेशन से रांची के लिए ट्रेन सेवा की शुरुआत की जायेगी.
इसे भी पढ़ें: कोविड-19 के कारण रिम्स में घट गयी मरीजों की संख्या




