
Ranchi: हाईकोर्ट में शपथ पत्र दाखिल करने की समय सीमा बढ़ गयी है. एडवोकेट एसोसिएशन ने हाईकोर्ट से इस मामले में आग्रह किया था. जिसके बाद चीफ जस्टिस डॉ रवि रंजन और जस्टिस एसएन प्रसाद आदेश दे दिया है. एसोसिएशन की ओर से कहा गया कि कोविड-19 संक्रमण अभी खत्म नहीं हुआ है और याचिकाकर्ताओं को अदालत में आकर शपथ पत्र हस्ताक्षर करने में परेशानी होती है. ऐसे में याचिकाकर्ताओं के घर जा कर शपथ पत्र में हस्ताक्षर कराना पड़ता है. इसलिए शपथ पत्र दायर करने की समय सीमा बढ़ायी जाये. जिस पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने याचिकाकर्ताओं को राहत देते हुए दो मई तक का समय दे दिया है.
बता दें, कि झारखंड हाईकोर्ट की ओर से याचिकाकर्ता को शपथ पत्र दायर करने के लिये एक सप्ताह का समय दिया जाता है. जिसमें याचिकाकर्ताओं के हस्ताक्षर की जरूरत होती है. उस समय सीमा के अंदर अगर याचिका के साथ शपथ पत्र दायर नहीं किया जाता है तो याचिकाकर्ता को फिर से दोबारा आकर शपथ पत्र पर हस्ताक्षर कर उसे दायर करना होता है. कोविड-19 काल में दूर-दराज के याचिकाकर्ता को रांची आकर शपथ पत्र दायर करने में काफी परेशानी होती है. नयी व्यवस्था के तहत शपथ पत्र को अदालत में 8 सप्ताह तक दायर करने की छूट दी गयी है.
इसे भी पढ़ें – JSMDC की पहल, बालू की करें Online डिमांड, Sand Taxi पहुंचेगी आपके द्वार




