
Ramgarh: भुरकुंडा ओपी क्षेत्र में पुलिस ने सघन छापामारी अभियान चलाकर ब्राउन शुगर और गांजा के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. जिनके पास से पुलिस ने 18.86 ग्राम ब्राउन शुगर और 341 ग्राम गांजा बरामद किया है. इसके साथ ही पुलिस ने आरोपियों के पास से 28000 रुपये नकद, एक अपाची मोटरसाईकिल (JH-01DG-5568), दो इलेक्ट्रॉनिक तराजू, तीन एंड्रॉयड मोबाईल, नौ एटीएम और विजा कार्ड, दो गाड़ी का ऑनर कार्ड जब्त किया है. तीन मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल बताए जाते हैं. पकड़े गये आरोपियों में बिरसा चौक, भुरकुंडा निवासी कुमार अभिजीत उर्फ सन्नी (29) पिता ओमप्रकाश रवानी, घुटुवा दो नंबर गेट निवासी अकिल अंसारी (27 वर्ष) पिता मो. हदिश अंसारी और पटेलनगर, भुरकुंडा निवासी प्रिन्स कुमार (19 वर्ष) पिता-मनोज दास शामिल हैं.
मामले का उद्भेदन करते हुए शनिवार को भुरकुंडा ओपी में प्रेस कॉन्फ्रेंस किया गया. जिसमें पतरातू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बिरेंद्र कुमार राम ने बताया कि रामगढ़ पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार को भुरकुंडा के बिरसा चौक में मादक पदार्थों के खरीद-बिक्री की गुप्त सूचना मिली. जिसपर उन्होंने एसडीपीओ पतरातू बिरेंद्र कुमार राम के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया. टीम ने बिरसा चौक, मतकमा चौक और पटेलनगर में छापामारी करते हुए अवैध ब्राउन शुगर और अवैध गांजा बरामद किया. साथ ही खरीद-बिक्री करने वाले तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया.
इस संदर्भ में पतरातु थाना में कांड संख्या-95/2024, दिनांक-12.04.2024 धारा-20 (b) (A)/17(b)/21(b)/25/27(A)/28/ 29 NDPS Act-1985 दर्ज किया गया है. अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. वहीं अभियान के क्रम में एक कार भी जब्त की गई है. जिसके संबंध में फिलहाल छानबीन की जा रही है.
अभिजीत उर्फ सन्नी का है आपराधिक इतिहास
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गये बिरसा चौक निवासी अभिजीत उर्फ सन्नी का आपराधिक इतिहास रहा है. उसपर गुमला थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत पूर्व से दो मामले दर्ज हैं. अभियान में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल छापामारी दल में पतरातू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बिरेंद्र कुमार राम, पतरातू पुलिस निरीक्षक योगेंद्र सिंह, भुरकुंडा ओपी प्रभारी अभिषेक कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक निर्भय कुमार गुप्ता, पुलिस अवर निरीक्षक अविनाश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक कुणाल कुमार के साथ सदलबल शामिल रहे.




