
Ranchi : ईडी की टीम ने रविवार को एनोस एक्का के एयरपोर्ट रोड स्थित आवास के बाहर फिर से नोटिस लगाया. बता दें कि इससे पूर्व 27 सितंबर को ईडी ने एनोस एक्का के आवास को सील कर वहां पर नोटिस चिपकाया था, लेकिन कुछ ही घंटों के बाद उसे फाड़ दिया गया था. खबरों के अनुसार असामाजिक तत्वों की इस कार्रवाई पर ईडी ने राज्य के डीजीपी डीके पांडेय को एयरपोर्ट और अन्य जगहों के बंगलों की सुरक्षा के लिए पत्र लिखा था. पत्र के जरिये अटैच की गयी संपत्ति की सुरक्षा के लिए वहां पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती करने की बात कही थी, ताकि बंगले के आसपास भटकनेवाले अवांछित लोगों पर नजर रखी जा सके.
इसे भी पढ़ें : 140 IAS और 60 IFS बायोमिट्रिक से नहीं बनाते हैं हाजिरी, राज्य प्रशासनिक सेवा अफसरों ने भी छोड़ा हाजिरी बनाना

27 सितंबर को एनोस एक्का के सभी संपत्ति को किया गया था सील
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने राज्य के पूर्व मंत्री एनोस एक्का की सभी संपत्तियां 27 सितंबर को सील कर दी थी. पूर्व मंत्री के राजधानी रांची स्थित एयरपोर्ट रोड के फ्लैट समेत हरिओम टावर स्थित सी-5 फ्लैट, ओरमांझी में चार एकड़ से अधिक जमीन, श्रीराम गार्डेन स्थित फ्लैट और चुटिया के सिरमटोली स्थित जमीन को सील कर दिया गया है. ईडी की टीम ने 27 सितंबर की सुबह कार्रवाई शुरू की. कार्रवाई के क्रम में सभी जगहों पर एनोस एक्का और उनकी पत्नी मेनन एक्का के नाम से संबंधित नोटिस चिपकाये गये थे.
इसे भी पढ़ें : ओपीनियन पोल : छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान से बाहर होगी भाजपा, कांग्रेस की वापसी
अर्जित संपत्ति की कीमत 10 करोड़ से अधिक आंकी गयी है
ईडी की टीम द्वारा एनोस एक्का की अर्जित संपत्ति की कीमत 10 करोड़ से अधिक आंकी गयी है. ईडी ने सजा काट रहे एनोस एक्का को उपरोक्त सभी फ्लैट और संपत्ति 25 सितंबर तक खाली करने का नोटिस भेजा था. एनोस एक्का के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने और सरकार में मंत्री रहते हुए अनियमितता बरतते हुए वित्तीय गड़़बड़ी करने का मामला 2011 से चल रहा है.
इसे भी पढ़ें – फाइलों में दफन हो गये 75000 करोड़ के एमओयू, अब 56000 करोड़ का निवेश भी अटका
आजीवन कारावास की सजा काट रहे हैं एनोस एक्का
एनोस एक्का फिलहाल बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में सिमडेगा के पारा शिक्षक की हत्या मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे हैं. ईडी के अधिकारियों के मुताबिक चल और अचल संपत्ति का आकलन अभी जारी है. पूर्व में 2011 में भी एयरपोर्ट के फ्लैट को सील किया गया था. एक्का ने इसके बाद ईडी के समक्ष उनकी संपत्ति को अटैच नहीं करते हुए स्टे हटाने की मांग की थी. स्टे की मियाद समाप्त होने के बाद ईडी ने यह कार्रवाई की है.




