Palamu

Palamu: जनरेटर लोड पिकअप की चोरी, पुलिस कार्रवाई नहीं होने पर पांच घंटे तक सड़क जाम, बाजार भी बंद

Palamu: जिले के पांकी थाना क्षेत्र के सगालीम गांव के दिनेश कुमार सिंह का जनरेटर लदा पिकअप वाहन चोरी होने के बाद पुलिस कार्रवाई नहीं होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने शनिवार को मेदिनीनगर-पांकी मुख्य पथ को सगालीम में दो जगहों पर जाम कर दिया. सड़क जाम करीब पांच घंटे तक रहा. साथ ही सगालीम के सभी व्यवसाइयों ने स्वतः दुकानों को बंद रखा. लोगों का कहना था कि सगालीम इलाके से लगातार आए दिन वाहनों की चोरी हो रही है. थाना को लिखित सूचना देने के बाद भी पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं की जाती है, जिससे चोरों का आतंक बढ़ गया है.
पांच अक्टूबर की रात सगालीम निवासी दिनेश कुमार सिंह का जनरेटर लदा पिकअप वाहन चोरी हो गया. ग्रामीणों का आरोप है कि वाहन चोरी होने के बाद पांकी थाना को जब लिखित आवेदन दिया गया तो थाना पुलिस द्वारा शिकायत दर्ज करने के बजाए डांटा फटकार लगायी गयी. पुलिस ने आवेदन रखा, लेकिन रिसीविंग नहीं दी और ना ही घटनास्थल पर जांच करने पहुंची.
वाहन मालिक दिनेश कुमार सिंह और स्थानीय ग्रामीणों का कहना था कि चोरी मामले में पुलिस की कार्रवाई बेहद खराब है. सीसीटीवी कैमरा खराब होने की बात कहकर पुलिस मामले को ठंडे बस्ते में डालना चाहती है, जबकि लोगों का कहना है कि पांकी पुलिस को कई जगहों का सीसीटीवी कैमरे का फुटेज निकाल कर दिया गया है. इसके बावजूद पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है.
24 घंटे बीत जाने के बाद तक पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई तो स्थानीय ग्रामीण आक्रोशित हो गए. शनिवार सुबह साढ़े चार बजे से पांकी-मेदिनीनगर मुख्य पथ को सगालीम में दो जगहों पर बांस बल्ली लगाकर जाम कर दिया. साथ ही सभी दुकानें स्वतः स्फर्त बंद रखी गई. जाम होने के कारण रांची जाने वाली बसें नहीं जा सकी. कई बस और बड़े वाहनों जाम में फंसे रहे. यात्री बस से उतरकर अपने-अपने घर लौट गए.
जाम की सूचना मिलने पर पांकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय ग्रामीणों को समझाने बुझाने का पूरा प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर एसपी को बुलाने की मांग की. ग्रामीणों द्वारा जाम नहीं हटाने पर पुलिस ने सड़क जाम कर रहे वाहन मालिक दिनेश कुमार सिंह, पूर्व मुखिया पुत्र अखिलेश कुमार शर्मा, मिथिलेश कुमार और दीपू कुमार को पकड़ कर थाना ले गई. जाम हटाने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा. करीब पांच घंटे के बाद सड़क से जाम हटाया गया. उसके बाद आवागमन शुरू हो सका.

आंदोलनकारी को समझाती पुलिस

पूर्व मुखिया के दरवाजे से चोरी हुआ जनरेटर लदा पिकअप वाहन

जनरेटर लदा पिकअप वाहन सगालीम निवासी सह पूर्व मुखिया सोना कुंवर के दरवाजे से चोरी हुआ. पूर्व मुखिया सोना कुंवर के घर पांच अक्टूबर को किसी बच्चे की बर्थडे पार्टी थी. इसके लिए गांव के ही दिनेश कुमार सिंह का जनरेटर बुक हुआ था. दिनेश पांच अक्टूबर को ही मेदिनीनगर से नया जनरेटर खरीद कर पिकअप से लाए थे. उन्होंने जनरेटर को पिकअप पर ही छोड़ दिया था. करीब ग्यारह बजे तक बर्थडे पार्टी चली. कार्यक्रम खत्म होने के बाद दिनेश ने पूर्व मुखिया सोना कुंवर के दरवाजे पर जनरेटर लदा पिकअप वाहन छोड़ अपने घर चले गए. सुबह देखा गया तो जनरेटर लदा पिकअप वाहन संबंधित जगह से गायब था. सगालीम बाजार के पास पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी फुटेज में देखा गया तो पता चला कि जनरेटर लदा पिकअप वाहन को किसी ने तेज रफ्तार से पांकी की ओर ले गया है। बता दें कि कुछ साल पहले भी दिनेश कुमार सिंह के घर के पास से जनरेटर की चोरी हो गई थी.

Related Articles

Back to top button