
Kolkata: पश्चिम बंगाल भाजपा की करारी शिकस्त के बाद देश भर में वरिष्ठतम भाजपा नेताओं की किरकरी का दौर जारी है. इन सबके बीच भाजपा की एक महिला प्रत्याशी की जीत को खूब सराहा जा रहा है. वह महिला है भाजपा के टिकट पर सालतोरा सीट से चुनाव लड़ने वाली चंदना बाउरी, जिन्होंने टीएमसी के संदीप मंडल को पछाड़ दिया है. चंदना गरीब परिवार से है. इनके पति मजदूरी करते हैं और संपत्ति के नाम पर इनके पास बस, एक झोपड़ी है.
भाजपा नेता सुनील देवधर के ट्वीट के बाद से चंदना की खूब चर्चा हो रही है. सुनील ने बताया है कि चंदना बाउरी की अबतक की जमापूंजी कुल 31,985 रुपये है. चुनाव आयोग में दिए गए शपथ पत्र में चंदना के बैंक खाते में सिर्फ 6335 रुपये हैं. संपत्ति के नाम पर चंदना के पास तीन गाय, तीन बकरी, एक झोपड़ी और बैंक में जमा नकद मिलाकर कुल 31,985 रुपये हैं. चंदना के घर में शौचालय भी नहीं है.
चंदना पार्टी के प्रति वह इतनी ज्यादा समर्पित हैं कि प्रचार के लिए रोजाना कमल के प्रिंट वाली भगवा रंग की साड़ी पहनकर निकलती थी.पति सरबन राजमिस्त्री का काम करते हैं. पति और पत्नी दोनों मनरेगा में पंजीकृत मजदूर हैं. उनके तीन बच्चे भी हैं. चंदना पिछले सात-आठ साल से भाजपा से जुड़ी हुई हैं.
बता दें कि चंदना अपने क्षेत्र में लोगों के बीच गईं और भाजपा की खूबियां गिनाते हुए टीएमसी पर हमला बोला. वह गंगाजलघाटी के केलाई गांव स्थित अपने घर से रोजाना सुबह आठ बजे चुनाव प्रचार के लिए निकलती थीं. उन्होंने लोगों से महिला संबंधी अपराधों, गरीबी, शिक्षा और पीने के पानी जैसे मुद्दों पर वोट मांगा.




