
Ranchi: झारखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा की प्रखण्ड अध्यक्ष के मजबूत नींव पर ही संगठन का स्वरुप और ढांचा खड़ा होता है, प्रखंड अध्यक्षों को तयसंगठन के नींव का पत्थर बनना है, प्रखंड अध्यक्ष ही हमारे नाक,कान और आंख होते हैं और काफी संघर्ष के बाद एक राजनैतिक कार्यकर्ता तैयार होता है, तब जाकर प्रखण्ड अध्यक्ष का निर्वाचन होता है. श्री पांडे बुधवार को मोरहाबादी स्थित संगम गार्डेन में नवनिर्वाचित प्रखण्ड कांग्रेस कमिटी के अध्यक्षों के पहले सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे.
श्री पांडे ने प्रखंड अध्यक्षों को संबोधित करते हुए कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर देश और दुनिया की गहरी नज़र है. जिस प्रकार 8 वर्षों में लोकतांत्रिक प्रणाली को तहस-नहस किया जा रहा है और जनता त्राहि-त्राहि कर रही है. ऐसी स्थिति में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को मिल रहा व्यापक जनसमर्थन साफ संकेत दे रहा है कि देश की राजनीति करवट ले रही है. उन्होंने कहा प्रदेश कांग्रेस कमिटी 10 अक्टूबर से 31 दिसम्बर तक 90 दिन भारत जोड़ो यात्रा का आयोजन कर रही है जिसे झारखंड में सफल करना है.
उन्होंने कहा प्रदेश कांग्रेस कमिटी के इतिहास में पहली बार प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष को जिम्मेदारियों के मार्गदर्शन के लिए आमंत्रित किया गया है. उन्होंने कहा कि 7 महीनों से संघर्षशीलता और प्रतिबद्धता के साथ दिये गये कार्यक्रमों में अपने आप को जोड़कर चाहे सड़कों पर उतरने की बात हो चाहे सदस्यता की बात हो हमारे हर एक पदाधिकारी ने ईमानदार भूमिका निभाई है. इस कार्य के लिये श्री पांडे ने सभी को धन्यवाद दिया.
इसके पूर्व पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे का संगम गार्डन में पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया. बैठक के बाद नेताओं ने कहा कि पीसीसी डेलीगेट्स की बैठक में सभी नवनिर्वाचित 320 प्रदेश प्रतिनिधियों ने प्रस्ताव पारित राहुल गांधी को अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी ग्रहण करने का अनुरोध किया था और आज भी सभी प्रखण्ड कांग्रेस अध्यक्षों ने भी राहुल गांधी से कांग्रेस का नेतृत्व करने की मांग की है. मौके पर प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, मंत्री आलमगीर आलम, विधायक अनूप सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की, कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर, केशव महतो कमलेश, राजीव रंजन, राकेश सिन्हा, आलोक दूबे समेत काफी संख्या में प्रखंड अध्यक्ष मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें: करिया मुंडा को पीएम मोदी ने दी बड़ी जिम्मेदारी, जानिए अब क्या करेंगे पूर्व डिप्टी स्पीकर




