
Samastipur : जिले में जनसाधारण एक्सप्रेस से अपने घर जा रही एक छात्रा छेड़छाड़ से परेशान होकर चलती ट्रेन से कूद गयी. ग्रामीणों को बुधवार को वह ट्रैक के किनारे गंभीर हालत में मिली. उसे रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. लड़की के दोनों पैर, हाथ और सिर में गंभीर चोट आयी है. उसके दांत भी टूट गये हैं. वह मुजफ्फरपुर में नर्सिंग की पढ़ाई करती है. ट्रेन से वह बरौनी अपने घर के लिए निकली थी. अस्पताल में भर्ती छात्रा ने बताया कि वो दोपहर 3.15 बजे मुजफ्फरपुर से बरौनी जाने के लिए जनसाधारण ट्रेन में चढ़ी थी.
जहां वह बैठी थी, वहां 6 लड़के थे. वे गंदे-गंदे कमेंट करने लगे. उसने मना किया तो उसे यहां-वहां छूने लगे. वो परेशान हो गयी थी. हालात बिगड़ गये थे. वो गेट पर आ गयी. घर पर मदद के लिए फोन करने लगी. तभी वो लड़के फोन छीनने लगे और फिर से छूना शुरू कर दिया. ट्रेन में बहुत लोग थे, लेकिन कोई मदद को आगे नहीं आया. क्या करती कुछ समझ नहीं आया तो ट्रेन से कूदना ही सही समझा.
इसे भी पढ़ें:हैवानियत की इंतहा : पति ने पत्नी पर किया ईंटों से वार, बच्चों ने चुपके से बनाया वीडियो
लड़की ने बताया कि वो आरोपियों को नहीं पहचानती है. लड़की एएनएम की छात्रा है. मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के कोरबद्धा रेलवे फाटक संख्या 50 सी के ओएचई पोल संख्या 31/12 के पास लड़की ट्रेन से कूद गयी. ग्रामीणों ने उसे रेलवे के अस्पताल में भर्ती करवाया. लड़की के दोनों पैर, हाथ और सिर में गंभीर चोट आयी है.
ट्रेन से गिरने से उसके दांत भी टूट गये हैं. जानकारी के अनुसार वह बेगूसराय की रहने वाली है, मुजफ्फरपुर में पढ़ती है. वह अपने घर लौट रही थी.
इसे भी पढ़ें:राज्यसभा में उम्मीदवार को लेकर कांग्रेस अडिग, नेता जल्द मिलेंगे हेमंत से
रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट के पुलिस निरीक्षक एनके सिन्हा ने बताया कि सबसे पहले युवती का इलाज शुरू कराया गया. फिर लड़की से परिवार वालों के नंबर लेकर फोन कर बुलाया गया. छात्रा की हालत की गंभीरता को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया है.
इस मामले में समस्तीपुर जीआरपी थानाध्यक्ष अच्छेलाल सिंह यादव ने कहा कि युवती के ट्रेन से गिरने की जानकारी मिली है. मौके पर पहुंच कर मामले की जांच की गयी. आरोपियों की पहचान होते ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
इसे भी पढ़ें:झारखंड पंचायत चुनाव: दूसरे चरण का मतदान कल, धनबाद में 2 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का करेंगे प्रयोग




