
Hazaribag: चौपारण के व्यवसायी रोहित जैन के स्टॉफ अरुण कुमार गुप्ता से दिन दहाड़े सात लाख रुपये लूट कर लुटेरे फरार हो गए. घटना का अंजाम देने वाले लुटेरों की संख्या तीन थी और वे हेलमेट और मास्क लगाकर दो बाइक पर सवार थे.
अरुण ने बताया कि स्कूटी की डिक्की में रुपये रखकर बरही एसडीएफसी बैंक में जमा करने जा रहा था. इसी बीच सिंघरावां चौक से दो बाइक से तीन लोग पीछा करने लगे. एक बाइक सीडी डीलक्स और दूसरी स्पेलेंडर शाइन थी और दोनों बाइक का रंग लाल था.
जैसे ही बराकर पुल के करीब पहुंचा, लुटेरों ने अरुण को चकमा दिया और रिवाल्वर का भय दिखा कर रुकने का इशारा किया.
इसे भी पढ़ें :सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की CBSE और ICSE की 12वीं परीक्षा रद्द करने के खिलाफ याचिकाएं, जानिये क्या कहा
जब तक कुछ समझ में आता तब तक लुटेरों ने अरुण को स्कूटी सहित धक्का देकर गिरा दिया, जिससे वह रोड किनारे गढ्ढे में जा गिरा. लुटेरों ने उसकी पिटाई कर चाबी छीन ली और डिक्की से रुपये निकाल कर बरही की ओर फरार हो गये.
घायल अरुण ने बताया कि लुटरों का विरोध करने पर मेरे साथ मारपीट की और घायल कर रफूचक्कर हो गये. घायल को चौपारण अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है.
घटना की पुष्टि करते हुए बरही डीएसपी मो नाजिर अख्तर ने बताया कि लुटेरों की खोजबीन में पुलिस जुट गई है, जल्दी ही उन्हें धर दबोचा जाएगा.
इसे भी पढ़ें :25 जून को भाजपा मनायेगी आपातकाल विरोध दिवस




