
Ranchi: छठ पर्व के मौके पर राजधानी रांची के तालाब में एक युवक की मौत मामले को झारखंड हाईकोर्ट ने गंभीरता से लिया है. हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस तरलोक सिंह चौहान की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने मामले में रांची नगर निगम से जवाब मांगा है. अगली सुनवाई कल होगी. बता दें कि राजधानी रांची के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र स्थित मधुकम तालाब में डूबने से युवक की मौत हो गई थी. मृतक 20 वर्षीय युवक की पहचान सचिन के रूप में हुई है. बताया जाता है कि छठ पर्व के मौके पर सचिन मधुकम तालाब में नहाने के लिए गया था, जिसके बाद अनियंत्रित होकर तालाब में फिसल गया था। हालांकि युवक को बचाने का प्रयास किया गया लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी. मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस और एनडीआरएफ की टीम को दी गई थी। काफी मशक्कत के बाद शव को तालाब से निकाला गया था. बीते रविवार को भी इसी तालाब में डूबने से एक और युवक की मौत हो गई है. वही धुर्वा डैम में भी डूबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है. रांची के तालाब एवं डैम में एक सप्ताह में तीन लोगों की मौत को हाईकोर्ट ने गंभीरता से लिया है। रांची के स्थानीय समाचार पत्र में इस संबंध छपी खबर पर कोर्ट ने स्वत: संज्ञान लिया है.




