
Saurav Singh
Ranchi: राजधानी रांची में जाम की समस्या क्यों न हो, जब प्रमुख मार्ग जहां से दिनभर कई वाहन गुजरते है, वहां पुलिस के सामने ही अवैध रूप से बस और ऑटो पार्क किये जाते हैं.
वहीं सड़क में जल्दी जाने के चक्कर में लोग गलत लेन में अपने वाहन घुसा रहे हो. ये हाल है राजधानी रांची के सबसे व्यस्ततम इलाकों में शुमार रातू रोड चौक के पास राजभवन के पीछे और कांटा टोली से बूटी मोड की ओर जाने वाली सड़क का,जिस वजह से हर दिन जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है. और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
इसे भी पढ़ेंःक्या पूर्व DGP डीके पांडेय ने पत्नी के नाम जमीन लेने के लिए सिर्फ भ्रष्ट तरीका अपनाया या घर बनाने में भी वही किया
अवैध रूप से पार्किंग करने वाले बस पर नहीं हो रही कार्रवाई
रातू रोड चौक के पास राजभवन के पीछे में अवैध रूप से पार्किंग करने वाले बस और ऑटो पर न तो कार्रवाई हो रही है और न ही इनकी समस्या का कोई स्थायी समाधान निकाला जा रहा है.

कांटाटोली से बूटी मोड की ओर जानेवाली सड़क की बात करें, तो फ्लाईओवर का निर्माण कार्य होने की वजह से सड़क जरूर छोटी हुई है. लेकिन लोग जल्दबाजी के चक्कर में गलत लेन ने अपने वाहन को घुसा दे रहे हैं.
जिस वजह से जाम की स्थिति हर दिन उत्पन्न हो जा रही है. ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम के अधिकारी जब जाम की समस्या अधिक बढ़ जाती है, तब इनपर कार्रवाई करने की बात करते है. लेकिन कुछ दिन बाद ही फिर स्थिति पहले के जैसे हो जाती है.
इसे भी पढ़ेंःमंदी के साइड इफैक्टः महिंद्रा एंड महिंद्रा ने 1500 अस्थायी कर्मचारियों को निकाला
आदेश के बाद भी ऑटो-बस चालकों की मनमानी जारी
वर्ष 2017 में तत्कालीन ट्रैफिक एसपी संजय रंजन सिंह ने अभियान चलाकर न्यू मार्केट चौक के पास रोड पर लगने वाले ऑटो और बस को बस स्टैंड में पार्किंग करने के लिए जगह चिन्हित किया था.
जिसके बाद से स्टैंड में ही ऑटो पार्क हो रहे थे. लेकिन 2018 में उनके तबादले के बाद फिर से ऑटो और बस सड़क पर लगने लगे. अरगोड़ा चौक से भी ऑटो हटाया गया था और मैदान की ओर पार्किंग करने के लिए जगह दी गयी थी. लेकिन वहां भी कुछ महीनों बाद पुरानी स्थित बहाल हो गई.
इन जगहों पर ऑटो की वजह से लगता है जाम
शहर के प्रमुख मार्ग न्यू मार्केट रातू रोड बस स्टैंड में ही ऑटो स्टैंड है. लेकिन यहां अधिकांश ऑटो और बस सड़कों पर लगे रहते हैं. जाकिर हुसैन पार्क के सामने कोई ऑटो स्टैंड नहीं है, फिर भी वहां हर दिन 150 से अधिक ऑटो सड़क पर खड़े रहते है.
यहीं हाल अलबर्ट एक्का चौक से थड़पखना जाने वाली सड़क पर देखने को मिलता है. जहां पैसेंजर बैठाने के लिए ऑटो वाले आधी सड़क जाम किये रहते हैं, लेकिन कोई भी उन्हें मना तक नहीं करता.
अलबर्ट एक्का चौक पर फिरायालाल के सामने लाइन से ई-रिक्शा वाले पैसेंजर लेने के लिए घंटों खड़े रहते हैं. वहीं चौक के बाईं ओर मंदिर के पास भी लाइन से ई-रिक्शा और ऑटो लगे रहते हैं. दुर्गा मंदिर के पास तो ऑटो वाले ऑटो लगाकर सो भी जाते हैं और जाम लगा रहता है.
जब कोई ऑटो हटाने को बोलता है तो सभी ऑटो वाले उससे उलझ जाते हैं. यहां पर ऑटो वाले से हमेशा दूसरे वाहन चालकों से झगड़ा होता है.
इसे भी पढ़ेंःबीजेपी विधायक के बिगड़ैल बोलः कहा- गौ हत्या पर प्रतिबंध नहीं लगा तो होती रहेगी मॉब लिंचिंग




