JharkhandLead NewsRanchi

नवरात्र में बीजेपी कैंडिडेट की जारी होगी पहली लिस्ट, एनडीए कुनबे में अपने ‘वाजिब’ हिस्से के लिए जोर लगा रहे सुदेश

Principal Correspondent

Ranchi: यह तय माना जा रहा कि अगले महीने शुरू हो रहे नवरात्र में भाजपा विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह मिशन मोड में आ जाएगी. अपने कैंडिडेट की पहली लिस्ट जारी कर वह संभवतः इस मामले में दूसरे दलों से बाजी मार लेगी. नवरात्र पर पहली लिस्ट जारी होने की खबर को केंद्रीय कृषि मंत्री सह झारखंड बीजेपी के चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान भी मुहर लगा चुके हैं. उन्होंने कह दिया है कि अक्टूबर के पहले सप्ताह में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होगी. इसमें उम्मीदवारों के नाम तय किए जाएंगे. पहले हफ्ते में पहली सूची आएगी. 3 अक्टूबर से नवरात्र शुरू हो रहा है. इसे देखते भाजपा शुभ मुहूर्त में उम्मीदवारों की सूची जारी करेगी. पहली सूची में दो दर्जन के आसपास उम्मीदवारों के नाम हो सकते हैं. इसमें अधिकांश आदिवासियों के लिए आरक्षित सीट शामिल होगी. भाजपा जिन सीटों पर 2019 के चुनाव में हार गई थी उन सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा पहले होगी. ताकि उम्मीदवारों को जनता के बीच जाने के लिए पर्याप्त समय मिल सके. पार्टी सभी प्रमुख चेहरों को चुनावी रण में उतरेगी.

एक दर्जन सीटों पर आजसू पार्टी का दावा

जानकारी के मुताबिक, भाजपा और आजसू पार्टी के बीच सीटों को लेकर बातचीत अंतिम दौर में है. दिल्ली में रविवार की रात आजसू पार्टी प्रमुख सुदेश महतो की गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, असम के सीएम हिमंता विस्वा सरमा, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित कई वरिष्ठ नेताओं के साथ सीटों पर बातचीत हुई है. कहा जा रहा कि भाजपा फिलहाल 9 सीट देने को तैयार है. लेकिन आजसू पार्टी 12 से 15 सीट की मांग कर रही है. वैसे संभावना है कि भाजपा 10 से अधिक सीट आजसू पार्टी को नहीं देगी. अभी यही उम्मीद की जा रही है कि दोनों दलों के बीच जिन सीटों पर विवाद है, उनका हल जल्द निकाल लिया जाएगा. टुंडी, चंदनक्यारी, जुगसलाई, तमाड़, इचागढ़ और लोहरदगा सीट पर आजसू पार्टी दावेदारी ठोक रही है. इस कारण मामला फंसा हुआ है. वैसे इस महीने के अंत तक सीटों का बंटवारा भी एनडीए में हो जाने की उम्मीद है. भाजपा को आजसू पार्टी के अलावा यह भी देखना है कि सहयोगी दल जदयू, लोजपा (रामविलास) को भी सीट देने, ना देने के मामले में उसे कैसे आगे बढ़ना है.

झारखंड दौरे पर निर्वाचन आयोग

इधर, हरियाणा और जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद चुनाव आयोग झारखंड और महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव की घोषणा करेगा. भारत निर्वाचन आयोग की टीम चुनावी तैयारी का जायजा लेने के लिए दो दिवसीय दौरे पर सोमवार को रांची आ गई है. वह राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के अलावा मुख्य सचिव, डीजीपी, जिलों के डीसी और अन्य के साथ भी बैठक करने वाली है. माना जा रहा है कि मंगलवार को दिल्ली वापसी के बाद निर्वाचन आयोग अक्टूबर माह में ही विधानसभा चुनाव के लिए कोई डेट एनाउंस कर देगा और आचार संहिता यहां लागू हो जाएगी.

Related Articles

Back to top button