
Giridih : साइबर अपराधियों तक पहुंचने में प्रतिबिंब पोर्टल मददगार साबित हो रहा है. प्रतिम्बिब पोर्टल के सहारे ही पिछले कई दिनों में तीन दर्जन से अधिक अपराधी गिरफ्तार हो चुके हैं. इसी क्रम में बुधवार को एसपी दीपक कुमार शर्मा के निर्देश पर साइबर डीएसपी संदीप सुमन समेत साइबर थाना पुलिस की टीम ने 9 अपराधियों को दबोचा. इन अपराधियों के पास से पुलिस ने 55 मोबाइल फोन के साथ 36 सिम कार्ड, 1 एटीएम, 2 पासबुक, तीन आई पैड, एक लैपटॉप, 3 पावरबैंक और चार बाइक भी बरामद किया. गिरफ्तार अपराधियों में भेलवाघाटी थाना इलाके के तिलकडीह गांव निवासी मनीष मंडल, बेंगाबाद थाना इलाके के विकास मंडल, सागर तूरी, गांडेय के आहरडीह निवासी मुश्ताक अंसारी, बेंगाबाद के गोपालपुर निवासी सागिर अंसारी, आहरडीह निवासी बेंगाबाद के लखनपुर निवासी एजाज अंसारी, एनामुल हक, सयूम अंसारी और देवघर के बुढ़ई थाना इलाके के कुम्हरगरिया गांव निवासी अजरूद्दीन अंसारी शामिल है. इधर प्रेसवार्ता कर एसपी दीपक कुमार शर्मा, डीएसपी संदीप सुमन और एसडीपीओ अनिल सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अजरुद्दीन अंसारी मोबाइल आपूर्तिकर्ता भी था और इसी के पास से छापेमारी के क्रम में 26 मोबाइल फोन बरामद किये गये हैं. जिसमे छह आई फोन भी शामिल हैं. एसपी और डीएसपी संदीप सुमन ने कहा कि गिरफ्तार अपराधी पोषण ट्रैकर के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को योजना दिलाने के नाम पर ठगी करते थे, तो गूगल पर ही फर्जी कुरियर सर्विस का ऐड बना कर भी साइबर ठगी किया करते थे.
इसे भी पढ़ें – दशरथ चंद्र दास को द. छोटानागपुर और मेदिनीनगर के प्रमंडलीय आयुक्त का प्रभार



