
Palamu: इंटर और मैट्रिक की परीक्षा को कदाचार मुक्त कराने के लिए जिले के करीब-करीब सभी परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गये हैं. कैमरों के लगने के बाद परीक्षा केन्द्रों पर नकल करने में परेशानी आ ही है. इससे जहां कदाचार करने वाले परीक्षार्थी परेशान हैं, वहीं नकल कराने वाले इसकी तोड़ निकालने में लगे हुए हैं. मंगलवार की रात पलामू जिला अंतर्गत पांकी के कर्पूरी चैक के समीप स्थित राजकीय बुनियादी विद्यालय में चोरी की घटना हुई. विद्यालय का ताला तोड़कर केवल सीसीटीवी कैमरा सहित उससे जुड़ा पूरा सेटअप चोर उड़ा ले गये. घटना के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है.
इसे भी पढ़ेंः राफेल मामला: AG बोले- दस्तावेज हुए चोरी, SC ने कहा- बतायें क्या हुई कार्रवाई
परीक्षा के दौरान बरती जा रही थी सख्ती
जानकारी के अनुसार बुनियादी विद्यालय में कड़ाई से परीक्षा ली जा रही थी. इससे परीक्षार्थियों में अंदर ही अंदर परेशानी थी. बीती रात विद्यालय के कार्यालय के मुख्य गेट में लगे ताले को तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया. चोर सीसीटीवी कैमरा और एलसीडी सहित पूरा सेटअप उड़ा ले गये. सुबह इसकी सूचना सेंटर सुपरिटेंडेंट राजीव कुमार सिंह को मिली. इसके बाद इसकी सूचना तत्काल पांकी थाना को दी गयी. पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया.
इसे भी पढ़ेंः मोदी राज में बेरोजगारी का हाल: टूटा ढाई साल का रिकॉर्ड, बेरोजगारी दर बढ़कर हुई 7.2 फीसदी
लिखित बयान पर मामला दर्ज हुआ
बताते चलें कि उक्त विद्यालय में मैट्रिक और इंटर की परीक्षा केंद्र बनाया गया है. ऐसी संभावना व्यक्त की जा रही है कि कड़ाई से परीक्षा लिये जाने के कारण ऐसी घटना घटी है. विद्यालय के प्रधानाचार्य ताहिर हुसैन के लिखित बयान पर मामला दर्ज किया गया है. विद्यालय परिसर में शराब की बोतल, चखना भी बिखरा हुआ था. घटना से पूर्व वहां बैठकर चोरों ने शराब भी पी होगी. पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है. शिक्षा के मंदिर में चोरी होने के बाद इलाके के लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है.




