JharkhandPalamu

पलामू: नकली डाबर ऑवला तेल बनाने की फैक्टरी का उद्भेदन, एक गिरफ्तार

 Palamu: पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर से सटे चैनपुर थाना के पीछे चल रही नकली डाबर ऑवला तेल फैक्टरी का बुधवार को भंडाफोड़ किया गया है. फैक्टरी से भारी मात्रा में नकली ऑवला तेल, खाली बोतलें और रैपर बरामद किये गये हैं. इस सिलसिले में फैक्टरी संचालक चैनपुर निवासी शौकत अली के पुत्र शमीम सिद्दीकी को गिरफ्तार किया गया है. उसकी दुकान भी सील कर दी गयी है. फैक्टरी संचालन में कौन-कौन लोग संलिप्त रहे हैं, उनकी पहचान की जा रही है.

इसे भी पढ़ेंः झारखंड के पुलिसकर्मियों को मिलेगा 13 महीने का वेतन, कैबिनेट की बैठक में मिली मंजूरी

डाबर कंपनी की शिकायत पर हुई कार्रवाई

डाबर कंपनी को लगातार सूचना मिल रही थी कि उनकी कंपनी के नाम पर नकली ऑवला तेल तैयार कर बाजार में उसे खपाया जा रहा है. इससे कंपनी को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है. कंपनी के चन्द्रेश्वर सिंह ने चैनपुर थाना में इसकी शिकायत की थी और कार्रवाई का आग्रह किया था. शिकायत के आलोक में कार्रवाई की गयी. चैनपुर के थाना प्रभारी सुनीत कुमार ने पत्रकारों को बताया कि पुख्ता सूचना के बाद कार्रवाई के लिए एक टीम बनायी गयी और थाना से सटे सूर्यमंदिर रोड में छापामारी की गयी. यहां से 90 एमएल तेल से भरी 450 बोतलें, 90 एमएल की 280 पीस खाली बोलतें और 2000 रैपर बरामद किय गये.

इसे भी पढ़ेंः राफेल मामला: AG बोले- दस्तावेज हुए चोरी, SC ने कहा- बतायें क्या हुई कार्रवाई

पांच-छह माह से चल रहा था काला कारोबार 

थाना प्रभारी ने बताया कि फैक्टरी में पिछले पांच-छह माह से डाबर कंपनी का नकली ऑवला तेल बनाने का कारोबार चल रहा था. किरासन तेल और कैमिकल्स मिलाकर नकली तेल तैयार किया जाता था और फिर उसे धड़ल्ले से बाजार में बेच दिया जाता है. कंपनी ने दावा किया है कि पिछले पांच-छह महीने के दौरान करीब पांच से छह लाख का आर्थिक नुकसान पहुंचा है. उन्होंने कहा कि कार्रवाई के दौरान शमीम की चैनपुर में स्थित दुकान को भी सील कर दिया गया है. इस कारोबार में शमीम के साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं, उनका पता लगाया जा रहा है.

इसे भी पढ़ेंः मैट्रिक-इंटर परीक्षा: नकल में हो रही थी परेशानी, परीक्षा केन्द्र में लगे सीटीवी कैमरा उखाड़ ले गये चोर

Related Articles

Back to top button