
Ranchi: रांची रेल मंडल के डीआरयूसीसी की बैठक डीआरएम जसमीत सिंह बिंद्रा की अध्यक्षता में डीआरएम कार्यालय में शुक्रवार को हुई. झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स के डीआरयूसीसी प्रतिनिधि संजय अखौरी ने बैठक में यात्री रेल सुविधा में बढ़ोत्तरी से जुडे अपने सुझाव दिये. सुझाव में मुख्यतः रांची से लखनऊ वाया अयोध्या सीधी ट्रेन का परिचालन करने, रांची आनंद विहार टर्मिनल का विस्तार जयपुर तक, रांची से गढवा रोड तक फास्ट मेमू का परिचालन करने, धनबाद रांची पैसेंजर का चन्द्रपुरा के बाद मार्ग परिवर्तन कर मेसरा तक परिचालित करने, पुरूलिया विल्लुपुरम का विस्तार रांची तक, रांची बनारस वंदे भारत का समय परिवर्तन करने, हटिया सांकी एक्सप्रेस का विस्तार हजारीबाग टाउन तक करने, रांची कामाख्या को सप्ताह में दो दिन परिचालित करने, रांची नई दिल्ली राजधानी का परिचालन सप्ताह में तीन दिन वाया बरकाकाना करने, आनंद विहार टर्मिनल (बोकारो) का मार्ग परिवर्तन कर रामगढ (बरकाकाना) होते हुए करने, हटिया दुर्ग स्पेशल का परिचालन सामान्य करने, फ्लैक्सी फेयर प्रणाली की नये सिरे से समीक्षा करने की बात कही गई. चैंबर द्वारा यह भी सुझाया गया कि कैब बुकिंग की भांति स्टेशन पर आईआरसीटीसी के माध्यम से कुली के बुकिंग की सुविधा विकसित कराई जाय. इससे रोजगार के नये विकल्प का भी सृजन होगा और यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी. चैंबर के इस सुझाव की सराहना करते हुए विचार का आश्वासन दिया गया.
चैंबर की मांग पर नये वर्ष में रांची से अयोध्या के लिए सीधी ट्रेन चलाने, जयपुर की चल रही स्पेशल ट्रेन का परिचालन सामान्य तौर पर करने के साथ ही यात्री सुविधा से जुडे सुझाव पर सकारात्मक विचार के लिए आश्वस्त किया गया. चैंबर के आग्रह पर यह भी अवगत कराया गया कि आगामी 15 दिनों में गुमला में बंद पडे टिकट काउंटर को खोल दिया जायेगा.
बैठक में चैम्बर के पूर्व अध्यक्ष आरके सरावगी, डीआरएम के अलावा सीनियर डीसीएम निशांत कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ राजू तिर्की, साकेत कुमार, श्रेया सिंह, बलराम प्रसाद साहू, अन्य अधिकारी समेत डीआरयूसीसी के अन्य कई सदस्य उपस्थित थे. यह जानकारी प्रवक्ता सुनील सरावगी ने दी.
एयरपोर्ट निदेशक के साथ वार्ता
बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से यात्री सुविधा में बढोत्तरी को लेकर अध्यक्ष परेश गट्टानी के नेतृत्व में फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल ने एयरपोर्ट डायरेक्टर आर.आर मौर्या से मुलाकात की. चैंबर अध्यक्ष परेश गट्टानी ने एयरपोर्ट पर पार्किंग की लगातार मिल रही शिकायतों के निराकरण का आग्रह किया. इस पर एयरपोर्ट डायरेक्टर ने जल्द ही एयरपोर्ट पर पार्किंग की पुरानी व्यवस्था लागू करने की बात कही.
यात्रियों की सुविधा हेतु सीविल एवीयेशन उप समिति के चेयरमेन दिनेश प्रसाद साहू और श्रवण राजगढिया ने संयुक्त रूप से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से कुछ प्रमुख शहरों जयपुर, गोवा, रायपुर, बनारस, बागडोगरा, गुवाहाटी और सूरत के लिए फ्लाइट सेवा शुरू करने का आग्रह किया. चैंबर के सुझाव पर एयरपोर्ट डायरेक्टर ने सभी एयरलाइंस आपरेटर्स से वार्ता करने का आश्वासन दिया.
विंटर सीजन में घने कुहासे के कारण अक्सर फ्लाइटों के रद्द होने अथवा डायवर्ट होने से यात्रियों को होनेवाली परेशानी पर प्रतिनिधिमंडल ने चिंता जताई और सुझाया कि अत्याधुनिक उपकरणों को लगाकर विंटर में भी आवागमन सामान्य रखा जाय. चैंबर के आग्रह पर एयरपोर्ट निदेशक ने कहा कि कई सारे उपकरण हमारे पास उपलब्ध हैं किंतु भूमि की अनुपलब्धता के कारण उनका इंस्टॉलेशन नहीं हो पा रहा है. जैसे ही भूमि एयरपोर्ट को हस्तांतरित की जायेगी, एक माह के अंदर ही सारे उपकरण लगाकर इस समस्या का समाधान कर दिया जायेगा. एयरपोर्ट डायरेक्टर ने यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि वे प्राइवेट नंबर वाली टैक्सी का इस्तेमाल ना करें क्योंकि एयरपोर्ट प्रशासन उनका कोई रिकॉर्ड नहीं रखता है. सुरक्षा मानकों का ध्यान रखते हुए यात्री केवल निबंधित टैक्सी आपॅरेटर्स से ही टैक्सी की बुकिंग करायें. उन्होंने यह भी अपील की कि यात्री अधिक से अधिक डीजी यात्रा का इस्तेमाल करें ताकि चेक-इन में कम समय लगे. एयरपोर्ट पर अब बैगेज एक्स-रे के लिए अत्याधुनिक आईएलबीएस मशीन लगा दी गई है जिससे यात्रियों को एक्सरे नहीं कराना पडता है. यात्री यह सुनिश्चित करें कि वे अपने चेक-इन बैगेज में कोई भी बैटरीचालित उपकरण नहीं रखें अन्यथा अनावश्यक परेशानी होगी. बैठक के दौरान उन्होंने अपने भविष्य की योजनाओं से भी अवगत कराया.



