JharkhandRanchi

जेआरजी बैंक के अध्यक्ष ने राज्यपाल से मिल कर दिया कामकाज का ब्योरा

Ranchi : जेआरजी बैंक के अध्यक्ष पीयूष भट्ट ने झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस से राजभवन जाकर शिष्टाचार मुलाकात की. उन्होंने इस वित्तीय वर्ष में बैंक द्वारा अब तक किये गये कार्यों की जानकारी दी. श्री भट्ट ने राज्यपाल को बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में बैंक की सीडी रेशियो 51.8 % है तथा एनपीए  स्तर को वर्तमान में 4.9 % स्तर पर लाकर बैंक की वित्तीय स्थिति को सुदृढ़ किया है. जेआरजी बैंक केवल झारखंड में कार्यरत है, जो अपनी 445 शाखाओं के जरिए राज्य क़े सभी प्रखंडों में अपनी सेवा प्रदान कर रहा है.

बैंक 3.8 लाख किसानों को KCC ऋण मुहैया कर झारखंड क़े कृषि ऋण में 29 % की भागीदारी क़े साथ अव्वल भूमिका निभा रहा है और 71000 स्वंय सहायता समूहों के माध्यम सें बैंक ने 10 लाख से ज्यादा महिलाओं को ऋण से जोड़ कर महिला सशक्तीकरण में महती योगदान किया है. इसके अलावा JLG द्वारा छोटे कृषकों के समूह को भी वित्तपोषित किया जा रहा है. FPO को वित्तीय मदद प्रदान कर स्थानीय किसानों को प्रोत्साहित किया जा रहा है जिससे वो संगठित हों और उनको उत्पाद की उचित कीमत मिल सके. आठ मोबाइल वैन के जरिए सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधा उपलब्ध करायी जा रही है.

सरकार द्वारा चलायी जा रही विभिन्न बीमा योजनाओं क़े कार्यान्वयन में भी जेआरजी बैंक उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है. अटल पेंशन योजना में देश में कार्यरत कुल 43 ग्रामीण बैंकों में अग्रणी स्थान पर है.

राज्यपाल ने सुदूर जनजातीय ग्रामीण क्षेत्रों में बैंक द्वारा किये जा रहे विकास कार्यों की सराहना की तथा कहा कि सरकार की सभी योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर पर पहुंचाने में बैंक अपना योगदान दें.

इस मुलाकात में बैंक के महाप्रबंधक जसबीर सिंह, जगन्नाथ गुप्ता तथा मुख़्य प्रबंधक श्रीकांत कटारे भी उपस्थित थे.

इसे भी पढ़ें – चतरा: जेपीसी उग्रवादी गिरफ्तार, भारी मात्रा में नक्सली सामग्री बरामद

Related Articles

Back to top button