
Jamshedpur : कदमा की एक महिला को नौकरी का झांसा देकर मानगो के एक होटल में ले जाकर जबरदस्ती करने का मामला सामने आया है. इस मामले में पीड़िता बुधवार को अपने पति के साथ शिकायत दर्ज कराने पहुंची. मामले का आरोपी स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के कदमा शाखा का कस्टमर रिलेशन ऑफिसर रविनंदन प्रसाद है. पीड़िता के मुताबिक वह भी बैंक में अस्थाई कर्मचारी के रुप में काम करती है. इसे लेकर दोनों एक-दूसरे को जानते थे. मंगलवार को रविनंदन ने महिला को लाइफ इंश्योरेंस में काम लगा देने की बात कह साकची बाजार बुलाया था. पहले तो वह नहीं गई, लेकिन आरोपी ने दोबारा उससे आने को कहा. जब महिला वहां पहुंची तो रविनंदन स्कूटी से आया और उसे गाड़ी पर बैठाकर डिमना चलने को कहा. हालांकि महिला ने एक बार फिर उसके साथ जाने से इंकार किया. इस पर आरोपी ने कहा कि वहां और भी अधिकारी हैं. नौकरी के साथ सैलरी की बात अच्छी तरह से करने के लिए उसका वहां जाना ठीक रहेगा. इसपर महिला रविनंदन के साथ स्कूटी पर बैठ गई. फिर वहां से रविनंदन उसे मानगो चौक स्थित एक होटल ले गया. जहां उसने रुम की चाभी ले रखी थी. महिला के एक रिश्तेदार के मुताबिक रुम में शराब, पानी की भी व्यवस्था थी. इस बीच रविनंदन महिला के साथ जबरदस्ती करने लगा. इसपर महिला ने उसका विरोध किया तो उसकी आवाज सुनकर अगल-बगल के लोग भी आ गए. मामला कहीं तूल न पकड़े ले यह सोंचकर रविनंदन ने महिला को एक टेंपो पर घर जाने के लिए बैठा दिया. साथ ही उसपर मामले के संबंध में किसी को बताने पर धमकी देने का भी आरोप है. इधर इस मामले के कदमा थाना पहुंचने के बाद बैंक से जुड़े कई लोगों को कदमा थाना पहुंचते भी देखा गया. वैसे पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
इसे भी पढ़ें- चार महीने से लापता कैब चालक राहुल की हत्या की गयी थी, कंकाल और लूटी गयी कार बरामद, दो गिरफ्तार




