
New york : मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड और अंतरराष्ट्रीय आतंकी हाफिज सईद को पाकिस्तान की गुहार पर UN से राहत मिल गयी है. खबरों के अनुसार संयुक्त राष्ट्र (UN )की समिति द्वारा हाफिज सईद को रोजमर्रा के खर्चों के लिए अपने बैंक खाते का इस्तेमाल करने की इजाजत मिल गयी है. हाफिज सईद की मदद के लिए पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र को एक पत्र लिखा था.
पाकिस्तान ने इसमें संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ( UNSC) से हाफिज को उसके बैंक खाते का इस्तेमाल करने की इजाजत देने मांग की थी. निर्धारित समय सीमा के भीतर इस पर किसी के द्वारा कोई आपत्ति नहीं किये जाने के बाद परिषद से उसे अनुमति मिल गयी.
इसे भी पढ़ें : #IPS नटराजन यौन शोषण मामला : याचिका वापस लेने के लिए सुषमा बड़ाईक को युवक ने धमकाया, पुलिस कर रही जांच
हाफिज सईद के खिलाफ टेरर फंडिंग का मामला चल रहा है
जान लें कि मुंबई हमले के गुनहगार हाफिज सईद के खिलाफ टेरर फंडिंग का मामला चल रहा है . इस क्रम में पाकिस्तान ने United Nations Security Council से अनुरोध किया कि वैश्विक आतंकी हाफिज सईद के परिवार के मासिक खर्चे के लिए उसे बैंक खाते को इस्तेमाल करने की अनुमति दी जाये. पाकिस्तान की गुहार के बाद UN ने जमात-उद-दावा के सरगना हाफिज सईद को उसके बैंक खाते को इस्तेमाल करने की इजाजत दे दी.
15 अगस्त के पत्र में UNSC ने कहा कि इस अनुरोध को मंजूर किया गया, क्योंकि तय समयसीमा के भीतर इस पर कोई आपत्ति नहीं की गयी. UN के पत्र में पाकिस्तान सरकार को जानकारी दी गयी है कि हाफिज सईद, हाजी मोहम्मद अशरफ और जफर इकबाल को उनके सामान्य खर्चों के लिए बैंक खातों का इस्तेमाल करने की अनुमति दी जाती है. पत्र में बताया गया है कि 15 अगस्त 2019 तक आपत्ति दर्ज कराने की समयसीमा तय की गयी थी.
इसे भी पढ़ें : #PublicPrivatePartnership : मोदी सरकार छह और एयरपोर्ट निजी हाथों में सौंपेगी, छह एयरपोर्ट #AdaniGroup के पास हैं
हाफिज सईद का अकाउंट UNSC रेजॉलूशन 1267 के तहत ब्लॉक था
UNSC की कमिटी को भेजे गये पत्र में पाकिस्तान ने दलील दी थी कि हाफिज सईद के परिवार में चार सदस्य हैं और उस पर ही परिवार की जिम्मेदारी है. उसे अपने परिवार के लोगों के खाने-पीने, कपड़े आदि का प्रबंध करना पड़ता है, इसलिए उसे बैंक खाता इस्तेमाल करने की स्वीकृति दी जाये.
पाक सरकार ने UN कमिटी को जानकारी दी थी कि हाफिज सईद का अकाउंट UNSC रेजॉलूशन 1267 के तहत पाकिस्तान सरकार ने ब्लॉक कर दिया था. अकाउंट में 11.50 लाख रुपये हैं. यह खबर ऐसे समय में आयी है जब पाकिस्तान दुनिया के सामने दावा कर रहा है कि वह आतंकियों पर सख्त कार्रवाई कर रहा है. हाल में टेरर फंडिंग को लेकर मुकदमा और गिरफ्तारी भी दिखाई गयी.




