
Ranchi: टेंडर घोटाला मामले मे मंत्री आलमगीर आलम समेत 9 आरोपियों की न्यायिक हिरासत की अवधि 12 जुलाई तक के लिए बढ़ा दी गई है. अब इनकी अगली पेशी 12 जुलाई को होगी. मंत्री आलमगीर आलम, उनके ओएसडी संजीव लाल एवं सहायक जहांगीर आलम, निलंबित चीफ इंजीनियर वीरेंद्र राम समेत सभी 9 आरोपियों की पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी ) से पीएमएलए की विशेष कोर्ट में शनिवार को हुई. दरअसल, टेंडर घोटाला मामले में ईडी की पहली कार्रवाई 21 फरवरी 2023 को की थी.
इस समय ग्रामीण विकास विभाग के तत्कालीन चीफ इंजीनियर वीरेंद्र राम के कई ठिकाने पर ईडी ने छापेमारी की थी. इसके बाद 23 फरवरी 2023 को ईडी ने वीरेंद्र राम को गिरफ्तार किया था. जिसके बाद वीरेंद्र राम के करीबी और सहयोगियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था. वीरेंद्र राम को रिमांड पर लेकर हुई ईडी की पूछताछ में टेंडर कमीशन में कई लोगों के शामिल होने की जानकारी ईडी को मिली थी.जिसके आधार पर ईडी ने कार्रवाई करते हुए 6 मई 2024 को कई इंजिनियर ठेकदार, कॉन्ट्रैक्टर और मंत्री आलमगीर आलम के ओएसडी संजीव लाल और उनके नौकर जहांगीर आलम के ठिकाने पर छापेमारी की थी.
उस छापेमारी में संजीव लाल के सहायक जहांगीर आलम के आवास से 37 करोड़ से अधिक कैश ईडी की टीम ने बरामद किया था.6 मई को संजीव लाल और उनके नौकर जहांगीर आलम को पूछताछ के बाद 7 मई को ईडी ने दोनों को गिरफ्तार किया था और 14 दिनों तक रिमांड पर लेकर ईडी ने दोनों से पूछताछ की थी. वही इस मामले में मंत्री आलमगीर आलम को दो दिनों की पूछताछ के बाद 15 मई को ईडी ने गिरफ्तार कर लिया था और 14 दिनों तक रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई थी. 30 मई को आलमगीर आलम को पीएमएलए की विशेष कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.




