
Ranchi : पाकिस्तान में जैश-ए-मोहम्मद के ठिकानों पर हुए एयर स्ट्राइक के सबूत मांगने के साथ ही पुलवामा हमले को एक दुर्घटना करार देने पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह सुर्खियों में रहे. दिग्विजय सिंह के बयान पर पलटवार करते हुए विदेश राज्य मंत्री जे. वीके सिंह ने आपत्ति जतायी है. इसपर उन्होंने कांग्रेसी नेता से पूछा है कि वे बतायें कि क्या राजीव गांधी की हत्या दुर्घटना थी या एक आतंकी हमला. रांची दौरे पर पहुंचे विदेश राज्य मंत्री मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता में बोल रहे थे. इस दौरान उन्होंने सबूत मांगे जाने और अमित शाह के एयर स्ट्राइक में 250 आतंकी मारे जाने के बयान पर कहा कि भाजपा अध्यक्ष का यह कथन एक अनुमान पर था. अगर विपक्ष को सही आंकड़े चाहिए, तो उन्हें यह तभी मिल सकता है, जब वे खुद वहां पर होंगे.
इसे भी पढ़ें – झारखंड पुलिस का दावा बचे हैं सिर्फ 550 माओवादी, लेकिन उनसे लड़ने में लगी है CRPF की 122, IRB की 5 और…
‘भारत के मन की बात, मोदी के साथ’ अभियान पर है रांची दौरा
रांची दौरे के उद्देश्य पर बात करते हुए वीके सिंह ने बताया कि भाजपा ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए देशभर में लोगों से 10 करोड़ से अधिक सुझाव मांगने के लिए एक अभियान ‘भारत के मन की बात, मोदी के साथ’ की शुरूआत की है. उसी अभियान के तहत उनका यह रांची दौरा है. महीने भर चलने वाले इस अभियान में भाजपा पीएम के न्यू इंडिया को लेकर लोगों के विचार जानने का प्रयास कर रहे हैं. विभिन्न माध्यमों के जरिए पार्टी कार्यकर्ता देशभर में लोगों से संपर्क साध रहे हैं. एक टॉल फ्री नंबर जारी किया गया है, कार्यकर्ता गांव-गांव में टेबलेट लेकर घुम रहे हैं. लोगों द्वारा इस देश की आवाज और आकांक्षाओं को पार्टी अपने संकल्प पत्र में समाहित करेगी.
इसे भी पढ़ें – 799 में से 113 सरकारी शराब दुकान के ग्रुप पर किसी ने नहीं दिखायी दिलचस्पी, लॉटरी कल सुबह 10 बजे से
सेना पर राजनीति किसी तरह से भी सही नहीं
एयर स्ट्राइक पर लगातार सबूत मांगे जा रहे बयान पर वीके सिंह ने कहा कि फौज पर किसी भी कार्रवाई का कोई प्रमाण नहीं होता है. 1947 के बाद भी देश के सैनिकों ने कई लड़ाई लड़ी है. लेकिन आज तक इसपर इतनी राजनीति नहीं हुई, जितनी इस बार विपक्ष कर रहा है. वीके सिंह के मुताबिक अगर विपक्ष को मारे गये आंतकियों के आंकड़े और कोई ठोस सबूत चाहिए, तो उन्हें ही वहां भेज दिया जाना चाहिए. सेना में जनरल रह चुके वीके सिंह ने कहा कि भारतीय सेना संविधान और देश के रक्षक की भूमिका में हैं. सेना पर राजनीति करना किसी भी तरह से सही नहीं है.
इसे भी पढ़ें – अडाणी को लाभ पहुंचाने के लिए एक खास क्षेत्र को स्पेशल इकोनामिक जोन घोषित कर दिया
गठबंधन वहीं, जहां 28 या 36 गुण मिले, लेकिन यहां ऐसा कुछ नहीं
झारखंड और उत्तरप्रदेश में विपक्ष के बने महागठबंधन के सवाल पर विदेश राज्य मंत्री ने कहा कि गठबंधन वहीं बनता है, जहां 24 या 28 गुण मिले. लेकिन यूपी में समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के बने गठबंधऩ में कोई गुण ही नहीं है. तो इसे गठबंधन कैसे माना जा सकता है. वहीं झारखंड में बनने जा रहे महागठबंधन के बाद मोदी लहर पर पड़ने वाले प्रभाव पर कहा कि भाजपा की यही सोच है कि राज्य में एक मजबूत सरकार बने. जनता की आकांक्षाओं पर मोदी लहर जरूर काम करेगी.
इसे भी पढ़ें – आदिवासी महिला होने के कारण किया जाता है प्रताड़ित : मेयर रौशनी तिर्की




