National

तेलंगाना : 12वीं की परीक्षा में फेल होने पर 48 घंटों में 7 छात्रों ने की आत्महत्या

New Delhi: 12वीं की परीक्षा में फेल होने की वजह से बीते 48 घंटों में 7 छात्रों ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली है. ये सभी घटनाएं तेलंगाना की है. मिल रही जानकारी के अनुसार जिन बच्चों ने कथित तौर पर आत्महत्या की है वो सभी तेलंगाना बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा में फेल  हुए थे. आपको बता दें कि बोर्ड ने 24 अप्रैल को ही फर्स्ट ईयर और सेकेंड ईयर का परिणाम घोषित किया था.

महबुबाबाद के पुलिस अधीक्षक के अनुसार, परीक्षा में असफल होने के बाद दो लड़कियों की कथित तौर पर आत्महत्या कर ली गई. पुलिस उपायुक्त (पूर्वी क्षेत्र) आर गिरिधर ने कहा कि प्रथम वर्ष के एक अन्य छात्र ने परीक्षा में असफल होने के बाद कथित तौर पर आत्महत्या कर ली.

नल्लाकुंटा क्षेत्र का एक और लड़का जडचेरला में रेलवे ट्रैक के पास मृत पाया गया. पुलिस को संदेह है कि उसकी मौत का कारण परीक्षा में खराब प्रदर्शन है.

एक ऐसे ही अन्य मामले के बारे में मंचेरियल जिले के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि उन्हें रिपोर्ट मिली है कि इंटरमीडिएट प्रथम वर्ष के तीन छात्रों ने परीक्षा में असफल होने के कारण अलग-अलग स्थानों पर आत्महत्या कर ली है.

Related Articles

Back to top button