Ranchi

ICAR-IIAB के नव नियुक्त वैज्ञानिकों का दल बीएयू का भ्रमण किया, वेटनरी कॉलेज में फ्रेशर्स डे का आयोजन

Ranchi: रांची रिंग रोड के गढ़खटंगा स्थित आईसीएआर – इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ़ एग्रीकल्चरल बायोटेक्नोलॉजी (आईआईएबी) के 10 सदस्यीय नव नियुक्त वैज्ञानिकों के दल ने बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि एवं वानिकी संकाय के विभिन्न विभागों का भ्रमण किया. इस दौरान दल को कृषि संकाय के डीन डॉ डीके शाही एवं वानिकी संकाय के डीन डॉ एमएस मल्लिक ने संकाय के शैक्षणिक, शोध एवं प्रसार कार्यक्रमों की जानकारी दी.

विभिन्न पौध प्रजाति के विकास एवं शोध कार्यक्रम के बारे में जानकारी ली

भ्रमण के दौरान दल ने आनुवांशिकी एवं पौध प्रजनन विभाग में विभिन्न पौध प्रजाति का विकास एवं शोध कार्यक्रम के बारे में जाना. मृदा विज्ञान विभाग में मिट्टी जाँच, जैव उर्वरक उत्पादन, वर्मी कम्पोस्ट उत्पादन एवं नैनो उर्वरक आदि शोध गतिविधियों का अवलोकन किया. दल ने कृषि अभियंत्रण विभाग में कृषि उपकरण म्यूजियम, पौधा रोग विभाग के मशरूम उत्पादन यूनिट, सामुदायिक विज्ञान विभाग के प्रसंस्करण एवं मूल्यवर्धन के कार्यक्रमों तथा वानिकी संकाय में नव स्थापित गिलोय प्रसंस्करण एवं अनुसंधान केंद्र का अवलोकन किया. भ्रमण के दौरान डॉ मनिगोपा चक्रवर्ती, डॉ बीके अग्रवाल, डॉ उत्तम कुमार, डॉ एचसी लाल, डॉ रेखा सिन्हा एवं डॉ कौशल कुमार में सबंधित विषयों की तकनीकी से भ्रमण दल को अवगत कराया.

दल में ये लोग हैं शामिल

दल में आईआईएबी, रांची के नव नियुक्त वैज्ञानिकों में डॉ सुजय कदेमानी, डॉ अमित कुमार, डॉ कार्तिक शर्मा, डॉ सुधीर कुमार, डॉ निखिल केसी, डॉ साक्षी कैथ, डॉ गणेश अदेराव एन, डॉ एकता नरवाल, डॉ ओमकार लिम्बलकार एवं डॉ सौमजित सरकार शामिल थे. दल के समन्यवयक का कार्य कृषि अभियांत्रिकी महाविद्यालय के एसोसिएट डीन ई डीके रूसिया ने किया.

रांची वेटनरी कॉलेज में फ्रेशर्स डे का आयोजन

बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के वेटनरी संकाय में संचालित प्रदेश के एकमात्र वेटनरी कॉलेज में फ्रेशर्स डे मनाया गया. मौके पर कॉलेज के सत्र 2022-23 में नामांकित सभी 60 नवोदित छात्र–छात्राओं का वरीय छात्र–छात्राओं ने तिलक लगाकर एवं पुष्प भेंट कर स्वागत किया. इस अवसर पर कॉलेज के प्रेक्षागृह में आयोजित समारोह में नवोदित 24 छात्र एवं 36 छात्राओं ने अपना परिचय एवं विशेष रूचि से अवगत कराया.

वैज्ञानिक के गुणों के साथ मानवीय व्यवहार का होना पहली जरुरत: डॉ सुशील

समारोह का उद्घाटन दीप जलाकर डीन वेटनरी डॉ सुशील प्रसाद ने की. अपने संबोधन में डॉ सुशील प्रसाद ने कहा कि वेटनरी का विषय मूक प्राणी के विज्ञान एवं चिकित्सा से जुड़ा कठिन सेवा का क्षेत्र है. वेटनरी शिक्षा में अच्छे पदाधिकारी/वैज्ञानिक के गुणों के साथ मानवीय व्यवहार का होना पहली जरुरत है. उन्होंने कहा कि विगत दो–तीन वर्षो में कॉलेज से पास आउट सभी छात्र–छात्राओं का झारखंड सरकार के पशुपालन सेवा में नियोजन हो चुका है. कृषि एवं सबंधित विषयों में पशुपालन सबसे लाभकारी उद्यम है. झारखंड राज्य में पशुपालन अपार संभावनाएं है और केंद्र एवं राज्य सरकार इस दिशा में बेहद संवेदनशील है.
डॉ प्रसाद ने कहा कि कॉलेज के साढ़े 5 वर्षीय पाठ्यक्रम में छात्र–छात्राओं से अध्ययन कार्य में कठिन परिश्रम एवं पूर्ण अनुशासन की अपेक्षा की जाती है. कॉलेज में सभी शिक्षकों का सम्मान एवं आदर करें. गुरु–शिष्य परंपरा की आदर्श स्थिति बनाये रखें. कॉलेज के सभी वरीय छात्र–छात्राएं अभिवावक एवं पहले पथ प्रदर्शक है. उनसे आदर सहित व्यवहार बनाये रखें. समय–समय पर निर्गत सुचना एवं निर्देशों का ध्यान रखें. स्वागत भाषण डॉ जगरनाथ उरांव ने दी . कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद डॉ एके पांडे ने दी. मौके पर डॉ सुरेश मेहता, डॉ प्रवीण कुमार सहित अनेकों शिक्षक, वैज्ञानिक एवं वरीय छात्र–छात्राए भी मौजूद थे.
देर शाम नवोदित छात्र–छात्राओं के स्वागत में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ. इस कार्यक्रम में वरीय एवं नवोदित छात्र–छात्राओं ने व्यक्तिगत एवं समूह गायन, कविता, शायरी, चुटकिले से कार्यक्रम की शोभा बढाई.

Related Articles

Back to top button