
Dhanbad: जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र के प्रधानखंता पंचायत स्थित गोपीनाथडीह माझी टोला में मंगलवार की सुबह 24 वर्षीय पार्थो बनर्जी उर्फ बाटूल बनर्जी नामक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई. मृतक युवक के सिर, हाथ और सीने में गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं. वहीं शव से कुछ ही दूरी पर शराब बेचने वाले शेखर नामक आदिवासी के घर के समीप खून के धब्बे पाए गए हैं. उसके घर में मृतक युवक का उठना बैठना था. वह कभी कभार शराब का सेवन भी करता था. शंका हत्या की जताई जा रही है. बलियापुर पुलिस तफ्तीश में जुटी हुई है. पूछताछ के लिए बलियापुर पुलिस एक व्यक्ति को थाना ले गई है. बताते चलें कि युवक प्रधानखंता पंचायत के नारायण कुल्ही निवासी आनंद बनर्जी का इकलौता सहारा था. विगत सोमवार को वह 5 बजे घर से निकला था. वापस नहीं लौटने पर काफी खोजबीन की. किंतु पता नहीं चला.
प्रधानखंता पंचायत के मुखिया पति कन्हाई बनर्जी ने बताया कि ग्रामीणों ने जानकारी दी तो घटना स्थल पर पहुंचे. वहां कच्ची सड़क किनारे पार्थो बनर्जी का शव पड़ा था. फिर बलियापुर थाना प्रभारी को सूचना दी. कहा कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. वहीं थाना प्रभारी पंकज वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है. मामले की तफ्तीश की जा रही है. आवेदक की लिखित शिकायत पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें: धनबाद: सिंदरी के कांडरा बाजार स्थित मोटर्स शोरूम में चोरी




