BusinessJamshedpurJharkhandNEWS

टाटा स्टील ने जमशेदपुर में एयरपोर्ट की संभावनाओं पर लगाया विराम, नरेंद्रन ने गिनाई अड़चनें

सोनारी हवाई अड्डे के रनवे की कम लंबाई और आसपास भवन होने से उड़ान संभव नहीं, उड़ान कमर्शियली वायबल भी नहीं 

Jamshedpur : टाटा स्टील के ग्लोबल एमडी टीवी नरेंद्रन ने जमशेदपुर में एयरपोर्ट बनने की संभावनाओं पर विराम लगाते हुए सोमवार को कहा कि यहां हवाई हड्‌डा बनाने में कई अड़चनें हैं. सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से आयोजित एक समारोह में नरेंद्रन ने कहा कि इस बारे में डीजीसीए (डायरेक्टर जेनरल ऑफ सिविल एविएशन) से बात हुई है. एयरक्राफ्ट के उड़ान भरने के लिए डीजीसीए को प्रस्ताव भी दिया गया, लेकिन डीसीसीए ने उड़ान भरने की मान्यता नहीं दी, क्योंकि सोनारी हवाई अड्‌डा के आसपास बने भवन के चलते दुर्घटना की संभावनाएं ज्यादा है. यही नहीं, रनवे की लंबाई भी कम है. इसे बढ़ाने के लिए निवेश की जरूरत होगी. इसके अलावा जमशेदपुर से हवाई उड़ान कमर्शियली वायबल नहीं है.  नरेंद्रन ने कहा कि जहां तक एयर इंडिया की उड़ान की बात है, तो उसके जहाज का उड़ना संभव नहीं है. एयर इंडिया एक्सप्रेस के छोटे विमान होते हैं, उसकी कोलकाता के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट हो सकती है. इस बारे में हमारी डीडीसीए से लगातार बात चल रही है. ऐसे में मुझे लगता है कि धालभूमगढ़ में सरकार की ओर से प्रस्तावित हवाई अड्‌डा के बनाने में हमें सहयोग करना चाहिए. शहर के बीचोंबीच हवाई अड्‌डा हो नहीं सकता. मुंबई और बंगलुरू में भी हवाई अड्‌डा शहर से 40-50 किलोमीटर दूर है. जहां तक एयर एंबुलेस के रात में लैंड और टेक ऑफ करने की बात है तो हॉस्पिटल की ओर से कोई अड़चन नहीं है.

12वीं के बाद छात्रों का पलायन रोकने के लिए शहर में क्वालिटी एजुकेशन इंस्टीट्यूट बने

इस सवाल के जवाब में टीवी नरेंद्रन और वीपीसीएस चाणक्य चौधरी ने कहा कि दस साल की कोशिश के बाद हमने शहर में टाटा मणिपाल मेडिकल कॉलेज खोलने में सफलता पायी है. कॉलेज के थर्ड इयर का बैच आने वाला है. अगर कोई संस्थान शहर में आता है, तो हम उसे पूरा सहयोग करेंगे. अभी झारखंड सरकार ने ट्राइबल यूनिवर्सिटी बनाने का प्रस्ताव पास किया है. हमने सरकार को इस बारे में मदद करने को कहा. शिक्षा के क्षेत्र में जो एक्सपर्ट्स हैं, वे अगर आगे आते हैं तो हम जरूर मदद करेंगे.

टीएमएच को मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल बनाया जाना चाहिए

इस सवाल के जवाब में टीवी नरेंद्रन और चाणक्य चौधरी ने कहा कि टीएमएच इंडस्ट्रियल हॉस्पिटल है. इसकी क्षमता एक हजार बेड की है. आप देश के सुपर हॉस्पिटिलिटी में बेड की संख्या को देख लीजिए, मुश्किल से 200-300 है. हम एक हजार लोगों की सेवा कर रहे हैं. बावजूद पिछले कुछ सालों में हमने टीएमएच में कैंसर, हॉर्ट के क्षेत्र में काफी स्पेशलिस्ट डॉक्टरों को रखा है और सुविधाएं भी बढ़ाई हैं. डायबिटिक पेशेंट तेजी से बढ़ रहे हैं. इसके लिए हमने टीएमएच में एक डॉक्टर को मधुमेह के इलाज के लिए रखा है. हम टीएमएच में ही स्मॉल डायबिटिक सेंटर खोलने जा रहे हैं. हॉस्पिटल हम पैसा कमाने के लिए नहीं चलाते. अगर हेल्थकेयर सेक्टर का कोई विशेषज्ञ सुपर स्पेशिलिटी हॉस्पिटल शुरू करना चाहता है, तो हम उसे पूरा सहयोग करेंगे.

कीनन स्टेडियम में फिर से इंटरनेशनल क्रिकेट मैच होने चाहिए?

इस सवाल के जवाब में टाटा स्टील के वीपीसीएस चाणक्य चौधरी ने कहा कि कीनन स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय मैच को लेकर हमारी दो-दो बार बातचीत बीसीसीआई के साथ हुई है. फिलहाल कीनन को रिनोवेट करना होगा. अगर बीसीसीआई भी कीनन का जीर्णोद्धार करने में मदद करता है. तो आनेवाले दिनों में मैच संभव हो. लेकिन इस बीच हम दूसरे खेलों को काफी प्रोत्साहित कर रहे हैं. मोहन आहूजा को जल्द हम अपग्रेड करेंगे, ताकि बैंडमिंटन के बड़े मैच हो सकें.

लोकल वेंडर को प्राथमिकता मिलनी चाहिए

टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन ने कहा कि पिछले कुछ सालों में टाटा स्टील में लोकल वेंडर का प्रतिशत बढ़ा है. हम हमेशा लोकल वेंडर के साथ हैं. महामारी में जब बाहर से सामान मंगाना मुश्किल हो रहा था, लोकल वेंडर ने काफी मदद की. लेकिन टाटा स्टील ग्लोबल कंपनी है. इसका टेंडर और प्रोक्योरमेंट ग्लोबल होता है. मुझे लगता है कि आपको अपनी क्वालिटी और सर्विस को ग्लोबल स्टैंडर्ड का करना होगा. इससे टाटा स्टील के साथ ही दुनिया भर की कंपनियों के साथ बिजनेस करने की संभावनाएं बढ़ेंगी. उन्होंने कहा कि किसी भी देश की जीडीपी में एमएसएमई की भूमिका काफी अहम होती है. मुझे लगता है कि जब चीन और रूस रिस्क जोन में हैं, वैसे में दुनिया भारत के उद्योगों की ओर देख रही हैं और यह समय आपके लिए काफी सही है.

चैंबर अध्यक्ष मूनका ने व्यापारियों की समस्याओं को रखा

सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने टाटा स्टील के ग्लोबल एमडी टीवी नरेन्द्रन का स्वागत किया और व्यापारियों की विभिन्न मांगें रखीं. उन्होंने लोकल वेंडर को प्राथमिकता देने के साथ ही वेंडरों के गेट पास के इश्यू भी उठाये. समारोह में चैंबर के पूर्व अध्यक्ष निर्मल काबरा, अशोक भालोटिया, एके श्रीवास्तव, सुरेश सोंथालिया ने भी अपने विचार रखें. कार्यक्रम का संचालन मानव केडिया और धन्यवाद ज्ञापन किशोर गोलच्छा ने दिया.

इसे भी पढ़ें – Good News : जमशेदपुर में दो हजार करोड़ का नया निवेश करेगा टाटा समूह, बढ़ेंगी रोजगार और व्यापार की संभावनाएं : नरेंद्रन 

Related Articles

Back to top button