
Kolkata : मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दो दिन पहले ही कोलकाता में मेट्रो रेल परिसेवा शुरू करने की अपील की थी. लेकिन अब मेट्रो रेल प्रबंधन की ओर से राज्य सरकार को एक चिट्ठी लिखी गयी है, जिसमें स्पष्ट कर दिया गया है कि फिलहाल मेट्रो सेवा उपलब्ध कराना संभव नहीं है.
सूत्रों के मुताबिक मेट्रो रेल की ओर से राज्य के गृह सचिव अलापन बनर्जी को एक चिट्ठी दी गयी है. इसमें लिखा गया है कि मेट्रो चलाने के लिए शारीरिक दूरी का पालन किया जाना जरूरी है. सीट के बराबर यात्री लेकर भी इस प्रावधान का पालन करना संभव नहीं हो सकेगा और संक्रमण फैलने का खतरा होगा. इसीलिए राज्य सरकार को मेट्रो परिसेवा पुनर्बहाल करने के लिए रेल मंत्रालय से बात करनी होगी.
इसे भी पढ़ें – इंतजार खत्म! चीन से तनातनी के बीच जुलाई में फ्रांस से भारत पहुंचेंगे इतने राफेल विमान
राज्य सरकार रेल मंत्रालय से बात करे
मेट्रो के अधिकारियों ने राज्य सरकार को लिखी अपनी चिट्ठी में यह स्पष्ट कर दिया है कि कोलकाता में मेट्रो रेल की परिसेवा शुरू करने का अंतिम निर्णय रेल मंत्रालय ही ले सकता है. इसलिए बेहतर होगा कि राज्य सरकार रेलवे मंत्रालय से बात करे.
उल्लेखनीय है कि मुंबई में लोकल सेवा शुरू हो चुकी है. इसके बाद रेलवे की ओर से एक बयान जारी कर कहा गया था कि अगर राज्य सरकारें अपील करें तो रेल सेवा बहाल की जा सकती है. इसके बाद ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपील की थी कि शारीरिक दूरी का पालन करते हुए और सीटों के बराबर संख्या में यात्री लेकर मेट्रो ट्रेन शुरू की जा सकती है.
इसे भी पढ़ें – अर्जुन मुंडा का आरोप – आदिवासियों की अनदेखी कर रही है बंगाल की ममता सरकार



