
Koderma : कोडरमा थर्मल पावर प्लांट के 14 स्टाफ क्वार्टर में एक साथ चोरी की घटना सामने आयी है. जानकारी के अनुसार एक करोड़ से ऊपर के जेवरात और नकद पर चोरों ने हाथ साफ किया है. बता दें कि चोरों ने सिर्फ उन क्वार्टरों को निशाना बनाया जिनमें रहनेवाले स्टाफ या तो नाइट ड्यूटी पर गये हुए थे या फिर किसी कारणवश अपने क्वार्टर से बाहर थे. चोर दरवाजे पर लगा ताला और लॉक तोड़ कर घर में दाखिल हुए और घर में रखे अलमारी, लॉकर, ड्रावर और दीवान पलंग में रखे सामानों को इधर-उधर बिखेर दिया और सिर्फ नकद और जेवरात लेकर फरार हो गये. बताया जा रहा है कि चोरों ने प्लांट परिसर में दाखिल होने के लिए प्लांट की बाउंड्री के बाहरी दीवार में छेद बनाया और उसके बाद सोलर प्लांट की ओर से आवासीय परिसर में दाखिल हुए. चोर प्लांट स्थित अलग-अलग ब्लॉक में दाखिल हुए और बंद पड़े क्वार्टर को निशाना बनाया. जिस तरह से चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है, उससे चोरों के पास स्टाफ क्वार्टर में रहनेवाले लोगों की जानकारी होने से इनकार नहीं किया जा सकता. एक क्वार्टर में रहनेवाले दंपती के परिवार में शादी होने वाली थी, लेकिन इससे पहले ही चोर शादी के जेवरात और कैश ले भागे. लोगों ने बताया कि सुबह जब उनकी नींद खुली तो एक-एक कर 14 क्वार्टर में चोरी की जानकारी मिली. हालांकि चोरों के दरवाजे तोड़ने और घर में दाखिल होने की वारदात एक क्वार्टर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. जयनगर थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घटना की जांच की. वहीं एसपी अनुदीप सिंह ने भी स्थल का दौरा किया. उन्होंने बताया कि पुलिस जल्द ही मामले का उद्भेदन करेगी और अपराधियों को गिरफ्तार किया जायेगा. उन्होंने डीएसपी मुख्यालय पुरुषोत्तम कुमार सिंह के नेतृत्व में एसआइटी का गठन किया है जिसमें थाना प्रभारी राजेन्द्र कुमार राणा, एसआइ अमित कुमार, सुनील पासवान, सुमन कुमार शामिल हैं.
इसे भी पढ़ें – कांग्रेस के नाराज विधायकों के साथ बसंत सोरेन की बैठक खत्म, 10 विधायक जा रहे दिल्ली



