
Hazaribagh : हजारीबाग लोकसभा सीट के लिए कांग्रेस पार्टी की ओर से प्रत्याशी को लेकर पहली बार इतना लंबा इंतजार करना पड़ रहा है. इंतजार में हो रही देरी की वजह से कई दावेदारों ने चुनावी मैदान छोड़ दिया है.
पार्टी की ओर से हजारीबाग लोकसभा सीट के लिए किसे टिकट मिलेगा यह संशय जिस तरह बना हुआ है उसने सभी को हैरान कर रखा है. सभी अब यह जानने को आतुर हैं कि आखिर हजारीबाग लोकसभा सीट के लिए प्रत्याशी कौन होने जा रहा है. जो भाजपा के केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री जयंत सिन्हा को कड़ी टक्कर देने में सक्षम होगा.
कांग्रेस ने जिस तरह से प्रत्याशी की घोषणा को लेकर मामले को लटका रखा है उससे दावेदार हांफ रहे हैं. वहीं कई दिग्गज नेता लोकसभा चुनाव की तारीख तय होने के बाद से ही दिल्ली में जमे हुए हैं.
इसे भी पढ़ेंःक्यों न बीमार पड़े झारखंड? भगवान भरोसे मरीजों का इलाज, न नर्स, न डॉक्टर, न ही जरूरत भर पारा मेडिकल…
10 अप्रैल से नामांकन प्रक्रिया शुरू
हजारीबाग लोकसभा सीट के लिए कल यानी 10 अप्रैल से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. कांग्रेस पार्टी किसे टिकट देगी इसे लेकर अभी तक हलचल है. ऐसे में कई दावेदार दिल्ली में जमे हुए हैं और अपनी वोट बैंक के साथ टिकट की जुगाड़ में लगे हुए हैं. टिकट की रेस में उम्मीदवारों के नाम आगे-पीछे हो रहे हैं. कभी प्रदीप प्रसाद तो कभी राजेंद्र सिंह के नाम सामने आ रहे हैं.
कांग्रेस का एक खेमा मान रहा है कि प्रदीप प्रसाद संगठित रूप से चुनाव लड़ सकते हैं और भाजपा को कड़ा मुकाबला देते हुए उसे शिकस्त भी देने में क्षमता रखते हैं. वहीं पार्टी के दूसरे खेमे की ओर से मजदूर नेता राजेंद्र सिंह का नाम आगे किया जा रहा है.
बड़कागांव के पूर्व विधायक व झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री योगेंद्र साव की बड़ी बेटी अंबा प्रसाद की बात करें तो इनका भी नाम चुनावी रेस में है. उक्त तीनों नाम के अलावे हाल ही के दिनों में जेवीएम छोड़ कांग्रेस में शामिल शिवलाल महतो को भी पार्टी के लोग टिकट दिलाने में लगे हैं, जो जातीय समीकरण से वोट बैंक को आंक रहे हैं.
इसे भी पढ़ें: पूर्व नौकरशाहों ने राष्ट्रपति को लिखी चिट्ठी, निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता पर उठाये सवाल
जल्द ही उम्मीदवार की घोषणा होने की उम्मीद
ऐसे में सारे संभावित उम्मीदवारों को भी समझ में नहीं आ रहा है कि ऊपर नीचे का या खेल कब तक चलेगा. सूत्रों की माने तो एक-दो दिनों में हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी का नाम घोषित कर दिया जाएगा.
इधर भाजपा कार्यकर्ताओं में भी इस बात को लेकर हलचल है कि उनकी पार्टी को टक्कर देने के लिए कांग्रेस किस प्रत्याशी को मैदान में उतारती है.




