
Palamu : पलामू जिले में तीसरे चरण के टीकाकरण अभियान को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है. यही कारण है कि पिछले 4 दिनों के दौरान 8000 से अधिक लोगों ने कोविड-19 का टीका लगवाया है. ऑनलाइन निबंधन के आंकड़ों पर गौर करें तो अगले 20 मई तक सारे स्लॉट फूल हैं.
विदित हो कि शुक्रवार से ही 18 वर्ष से ऊपर की उम्र के व्यक्तियों का निशुल्क टीकाकरण किया जा रहा है. उपायुक्त शशि रंजन के नेतृत्व में चल रहे इस टीकाकरण अभियान में सोमवार की शाम तक कुल 8,214 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया है.
टीकाकरण को लेकर युवाओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है. यही वजह है कि कई टीकाकरण केंद्रों में 20 मई तक का स्लॉट फूल हो गया है.
वहीँ टीका उन्हीं को लगाया जा रहा है,जिन्होंने कोविन एप पर रजिस्ट्रेशन कराने के बाद टाइम प्लॉट बुक करा रखा है.
इसे भी पढें :स्वास्थ्य मंत्री को भला-बुरा कहनेवाले अस्पताल संचालक ने मांगी माफी
दो और टीकाकरण केंद्र बढ़ाए गए
कोरोना टीकाकरण को लेकर 15 टीकाकरण केंद्र बनाए गए थे, वहीं अब दो और नौडीहा बाजार एवं हैदरनगर में टीकाकरण केंद्र बनाया गया है. जिले में कुल 17 केंद्रों पर टीकाकरण किया जा रहा है.
इन जगहों पर लगाया जा रहा टीका
18 से 44 आयु वर्ग के लोगों को कोविड-19 का टीका लगाने के लिए पलामू में 17 जगहों पर विशेष शिविर लगाया जा रहा है. मेदनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल के अलावा मेदिनीनगर सदर प्रखंड का पुराना कार्यालय भवन, बैरिया स्थित सदर प्रखंड कार्यालय परिसर, सुदना अघोर आश्रम रोड स्थित प्राथमिक विद्यालय, रांची रोड रेड़मा स्थित पंचायत भवन, लेस्लीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पाटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, हुसैनाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, हरिहरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, छतरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र,मनातू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, विश्रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सतबरवा का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, नौडीहा बाजार एवं हैदरनगर का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में विशेष टीकाकरण का शिविर लगाया गया है.
इसे भी पढें :पैरोल और जमानत पर रिहा किये जायेंगे कैदी
कोरोना से लड़ने में टीकाकरण की अहम भूमिका, इसे अवश्य ले: उपायुक्त
उपायुक्त शशि रंजन ने जिले वासियों से कोरोना का टीका आवश्यक रूप से लेने की अपील की है. उन्होंने कहा कि इस महामारी से लड़ने में टीका हथियार के रूप में कार्य करेगा. उन्होंने कहा कि वह स्वयं भी टीका ले चुके हैं.
अतः उन्होंने संपूर्ण जिले वासियों से टीका लेने की अपील की है. उन्होंने कहा कि शुक्रवार से ही जिले के 15 केंद्रों पर 18 साल से अधिक व्यक्तियों को कोरोना का टीका दिया जा रहा है वहीं आज से दो केंद्र और बढ़ाये गये हैं. उन्होंने 18 वर्ष से अधिक सभी लोगों से रजिस्ट्रेशन कराने के उपरांत वैक्सीनेशन कराने की अपील की.
इसे भी पढें :सीमा पार कर झारखंड आने वाले लोगों को नहीं मिलेगी वैक्सीन : मिथिलेश कुमार ठाकुर




