
Ranchi: राज्य के प्लेटफार्म श्रमिक जो डिजिटल प्लेटफार्म या ऐप आधारित सेवाओं के माध्यम से कार्य करते हैं, उन्हें भी स्वास्थ्य बीमा, भविष्य निधि जैसी सुविधाएं दी जानी हैं. इस संबंध में श्रमायुक्त का कार्यालय, श्रम भवन, डोरंडा (रांची) की ओर से सूचना जारी करते बताया गया है कि डिजिटल प्लेटफार्म या ऐप आधारित सेवाओं के माध्यम से कार्य करने वाले या स्वतंत्र रूप से कार्य करने वाले श्रमिक गिग इकोनॉमी का हिस्सा होते हैं. इसमें डिलीवरी कर्मचारी, जोमैटो, स्विगी, डूंजो इत्यादि के लिए काम करने वाले श्रमिक हैं. कैब ड्राइवर, ओला, उबर जैसी राइडिंग सेवाओं के ड्राइवर, फ्रीलांस श्रमिक, अरबन कंपनी, अपवर्क (Upwork), Fiverr जैसी डिजिटल सेवाओं लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउस श्रमिक, अमेजन, फ्लिपकार्ट जैसी ई- कॉमर्स कंपनियों के लिए काम करने वाले श्रमिक भी हैं.
इन श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने के लिए ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित किया जा रहा है. भारत सरकार के श्रम मंत्रालय द्वारा इसके लिए 30 मई तक विशेष अभियान (सेकेंड फेज) चलाया जा रहा है. इस अभियान के दौरान रजिस्ट्रेशन करानेवालों को हेल्थ इंश्योरेंस, पीएफ जैसी सुविधाएं मिल सकेंगी. सभी प्लेटफार्म वर्कर्स स्वयं अपना रजिस्ट्रेशन पोर्टल पर कराएं या अपने अपने जिला के श्रम विभाग के कार्यालय में जाकर निबंधन प्रक्रिया की जानकारी लें. श्रम कार्यालय में आधार कार्ड, पैन कार्ड के साथ निःशुल्क रजिस्ट्रेशन भी करा सकते हैं.




