
Ranchi: नामकुम, रांची स्थित कर्मचारी राज्य बीमा निगम के नवनिर्मित मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल में सीनियर रेजिडेंट्स और फैकल्टी (शिक्षण संकाय) की नियुक्ति की जानी है. इसके लिए वाक इन इंटरव्यू के आधार पर योग्य कैंडिडेट का चयन होगा. विभिन्न विषयों में अध्यापन संकाय को अनुबंध के आधार पर 1 वर्ष की अवधि के लिए नियुक्त किया जायेगा. इसे 3 सालों तक के लिए संतोषजनक परफॉर्मेंस के आधार पर बढ़ाया भी जा सकता है. सीनियर रेजिडेंट्स के मामले में भी यही होगा. इंटरव्यू में शामिल होने के लिए योग्य कैंडिडेट अपने आवेदन पत्र की स्कैन की हुई प्रति सहायक दस्तावेजों के साथ 27 मई तक ई-मेल [email protected] पर भेजें.
कैंडिडेट को 29-30 मई को सुबह 9 बजे से 11:30 बजे के बीच इंटरव्यू के लिए उपस्थित होना होगा. 29 मई को सामान्य चिकित्सा, बाल चिकित्सा, त्वचा विज्ञान, मनोचिकित्सा, रेडियो-निदान और दंत चिकित्सा के लिए स्पेशलिस्ट फैकल्टी का इंटरव्यू होगा. ऑर्थोपेडिक्स, ईएनटी, नेत्र विज्ञान, प्रसूति एवं स्त्री रोग और अन्य के लिए 30 को इंटरव्यू डेट तय है. प्रोफेसर के लिए अलग-अलग विभागों में कुल 6, एसोसिएट प्रोफेसर के लिए 12, सहायक प्रोफेसर के लिए 11 और सीनियर रेजिडेंट्स के लिए 13 पद तय किए गए हैं. इंटरव्यू के समय कैंडिडेट्स की आयु 69 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए जबकि सीनियर रेजिडेंट्स के मामले में 45 वर्ष (अधिकतम) तय किए गए हैं. विस्तृत जानकारी के लिए वेबसाइट www.esic.nic.in को देखा जा सकता है.
केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने अप्रेल के तीसरे सप्ताह (17 अप्रैल) में रांची के नामकुम में नए ESIC (कर्मचारी राज्य बीमा निगम) अस्पताल का उद्घाटन किया था. इस दौरान केंद्रीय मंत्री संजय सेठ भी मौजूद थे. 220 बेड वाले इस अस्पताल को आधुनिक सुविधाओं के साथ तैयार किया गया है. इस अस्पताल में एक बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और चार मंजिलें हैं. अस्पताल में तीन आधुनिक ऑपरेशन थिएटर भी है, साथ ही एक और थिएटर के लिए जगह छोड़ी गई है. इसमें 34 सामान्य वार्ड, 6 आइसोलेशन वार्ड, और 40 ओपीडी कमरे हैं.
श्रम मंत्रालय के मुताबिक, यह नया अस्पताल झारखंड के 5 लाख से ज्यादा बीमित कर्मचारियों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देगा. 99.06 करोड़ रुपये की लागत से बना यह अस्पताल 17,559 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैला है. अस्पताल में सामान्य चिकित्सा, सर्जरी, स्त्री रोग, हड्डी रोग, नेत्र रोग, डेंटल और अन्य सहायक सेवाएं उपलब्ध होंगे. यहां ओपीडी और इनडोर मरीजों के इलाज (IPD) की सुविधा भी मिलेगी. इसके अलावा अब यहां विशेषज्ञ और सुपर-स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की सेवाएं भी उपलब्ध होंगी, जिससे रांची और आसपास के जिलों के लोगों को उन्नत इलाज मिल सकेगा.
इस अस्पताल की स्थापना पहले 1987 में हुई थी, ताकि बीमित कर्मचारियों और उनके परिवारों को सस्ती और अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें. पिछले 40 वर्षों में इसने रांची और आसपास के इलाकों के औद्योगिक श्रमिकों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को पूरा करने में बड़ी भूमिका निभाई है। इसके साथ ही ESIC ने अक्टूबर 2024 में एक मेडिकल कॉलेज खोलने की मंजूरी भी दी थी, जिसमें 50 एमबीबीएस सीटें होंगी और जल्द ही इसकी पढ़ाई शुरू होनी है.




