
Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिला के सभी पूजा पंडाल और दुर्गा मंदिरों में दुर्गा पूजा को लेकर भारी उत्साह है. सोमवार को नवरात्र के आठवें दिन महाअष्टमी पर मां दुर्गा की आठवीं रूप महागौरी देवी की पूजा अर्चना भक्तों ने श्रद्धाभाव से की. मां के चरणों में भक्तों ने माथा टेक आशीर्वाद लिया. इस दौरान भक्तों ने विधिवत पूजा अर्चना कर पुष्पांजलि अर्पित कर मन्नतें भी मांगी. पश्चिमी सिंहभूम जिले के सबसे पुरानी रेल नगरी चक्रधरपुर के आदि पूजा समिति पुरानीबस्ती समेत विभिन्न पूजा पंडालों और मंदिरों में सोमवार की सुबह से महाष्टमी की पूजा शुरु हुई जिसको लेकर भक्तों की भारी भीड़ रहा.
महाष्टमी की पूजा दिनभर चली. संध्या पर संधि बलि दी गई जिसके बाद महानवमी पूजा आरंभ हुआ. यही हाल शहर के सभी पूजा पंडाल सहित ग्रामीण क्षेत्र में और बंगाली एसोसिएशन दुर्गा बाड़ी और प्रखंड कार्यालय के समीप स्थित दुर्गा मंदिर सहित सभी पूजा पंडालों में भी भारी भीड़ रही. सुबह से ही नए परिधान में सजी महिलाएं और बच्चों का पंडालों में पहुंचना शुरू हो गया था। ढाक, ढोल, शंख ध्वनि के बीच मां की आराधना पूरे शहर में भक्तिमय हो उठा.




