
Ranchi : पूर्व सीएम हेमंत सोरेन से संबंधित 8.5 एकड़ बड़गाईं अंचल की जमीन दखल के मामले में बड़गाईं अंचल के उप-निरीक्षक भानु प्रताप प्रसाद को रिमांड पर लेने के ईडी के आग्रह पर ईडी के विशेष न्यायाधीश दिनेश राय की कोर्ट में सुनवाई हुई. इस दौरान पूछताछ के लिए 10 दिनों की रिमांड देने का आग्रह कोर्ट से किया गया. कोर्ट ने भानु प्रताप से पूछताछ के लिए 4 दिनों की रिमांड ईडी को प्रदान की. रिमांड की अवधि कल से शुरू होगी. भानु प्रताप पहले से ही बरियातू की सेना की जमीन घोटाला मामले में जेल में बंद हैं. शनिवार को ईडी ने उन्हें इस मामले में भी गिरफ्तार कर लिया है. दरअसल, ईडी हेमंत सोरेन एवं भानु प्रताप को आमने-सामने बैठा कर पूछताछ करना चाहता है. क्योंकि भानु प्रताप के आवास से ही बरामद दस्तावेज एवं उसके मोबाइल से मिली जानकारी के आधार पर ईडी ने इस मामले में ईसीआईआर 6 /2023 दर्ज किया है और मामले की जांच कर रहा है. इस मामले भानु प्रताप प्रसाद, हेमंत सोरेन एवं अज्ञात अन्य को आरोपी बनाया गया है.
इसे भी पढे़ं – आरक्षण की सीमा 50 प्रतिशत के नियम को हम उठा कर फेंक देंगे, जिसकी जितनी संख्या, उसे उतना अधिकार मिलेगाः राहुल गांधी



