
Ranchi : ‘युवा संगम’ कार्यक्रम के तहत पंजाब केन्द्रीय विश्वविद्यालय के स्टूडेंट्स झारखंड भ्रमण पर हैं. इस क्रम में भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम), रांची के अलावा विद्यार्थीगण शनिवार को राजभवन, रांची परिदर्शन के लिए आये. मौके पर राज्यपाल के प्रधान सचिव डॉ० नितिन कुलकर्णी ने प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए कहा कि युवा संगम के तहत राज भवन, रांची आने वाला यह तीसरा दल है. सबसे पहले जम्मू-कश्मीर, उसके बाद हरियाणा से विद्यार्थी आए थे. अब पंजाब से आप सब आए हैं. उन्होंने बताया कि झारखण्ड में लगभग 27% आबादी जनजातियों की है. झारखंड के भौगोलिक क्षेत्र का 33 प्रतिशत से अधिक हिस्सा वन व वृक्षों से आच्छादित है. यह राज्य खनिज संपदा से परिपूर्ण है, देश की लगभग 40% खनिज सम्पदा यहां मौजूद है. यहां कोयला का अपार भंडार है. उन्होंने बताया कि यहां भगवान बिरसा मुंडा समेत कई महान स्वतंत्रता सेनानी हुए. मौके अवसर पर विद्यार्थियों ने संवाद के क्रम में कहा कि सोशल मीडिया पर यहां के संदर्भ में बहुत कुछ देखा था. लेकिन यहाँ आकर बहुत कुछ प्रत्यक्ष रूप से देखने को मिला. झारखण्ड राज्य को वे लोग सिर्फ टाटा, महेंद्र सिंह धौनी के लिये प्रसिद्ध मानते थे. किन्तु यहां विभिन्न सामाजिक संस्थान हैं. यह राज्य प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण है एवं यहां के पर्यटन स्थल लोगों को आकर्षित करते हैं जो रोजगार का भी सृजन कर सकता है. यहां के जनजातीय समुदाय के लोग शिक्षित हैं तथा विभिन्न उच्च पदों पर आसीन हैं. यह देखकर बेहद प्रसन्नता हुई. राज्य कृषि के क्षेत्र में और प्रगति कर सकता है. यहां के लोग अच्छे व व्यवहार कुशल हैं. पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय के संकाय सदस्यों द्वारा कहा गया कि हमारे विद्यार्थी यहां की संस्कृति से बहुत प्रभावित हुए हैं. ये यहां पंजाब के एंबेसडर बनकर आये थे और अब ये झारखण्ड के एंबेसडर बनकर जा रहे हैं.
इसे भी पढ़ें- बड़गाईं अंचल की जमीन घोटाले में पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं अन्य के खिलाफ आरोप पत्र दायर



