
Ranchi: कोरोना वायरस के संक्रमण से लोगों को बचाने के लिये झारखंड सरकार ने राज्य भर में लॉकडाउन घोषित किया है. लॉकडाउन के बाद भी सोमवार को लोग सड़क पर निकल आये.
जिसके बाद सोमवार की शाम से प्रशासन ने ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी.
इसे भी पढ़ेंःबिहार: #LockDown उल्लंघन करने पर 250 ऑटो रिक्शा, कार, दोपहिया वाहन जब्त
मंगलवार की सुबह भी कई ऐसे लोग सड़क पर निकलने लगे, जिन्हें कोई जरुरत नहीं है. ना ही उन्हें लॉकडाउन में बाहर निकलने की छूट मिली हुई है. ऐसे में पुलिस ने राजधानी में विभिन्न स्थानों पर चेकिंग अभियान शुरु कर दिया है.

पुलिस कंट्रोल रूम से लगातार पूरे शहर में कोरोना को लेकर अनाउंसमेंट किया जा रहा है और लोगों को सावधानी बरतने की हिदायत दी जा रही है. शहर के अलग-अलग चौक-चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरों के अनाउंसमेंट बॉक्स से लगातार शहरवासियों को अलर्ट किया जा रहा है.
और लोगों को घरों में ही रहने की हिदायत दी जा रही है. उन्हें यह बताया जा रहा है कि राजधानी रांची में धारा 144 लगा हुआ है और बिना किसी उचित वजह के लोग घरों से न निकलें.
पुलिस बरत रही सख्ती
लॉकडाउन को लेकर रांची पुलिस ने मंगलवार सुबह से ही मोर्चा संभाल लिया है. और सख्ती बरतनी शुरू कर दी है. राजधानी में आवश्यक सेवाओं को छोड़ सभी प्रतिष्ठानें और दुकानें बंद करा दी गई है. शहर के सभी प्रवेश मार्गों पर नाकेबंदी कर बैरिकेडिंग लगायी गयी.
इसे भी पढ़ेंः#Corona मरीजों की लगातार बढ़ रही संख्या, महाराष्ट्र में 100 के पार आंकड़ा

बरियातू रोड में रिम्स के निकट पुलिस के जवानों ने बेरिकेडिंग लगाकर वाहन सवार लोगों की जांच शुरु की. जिन लोगों को बाहर निकलना जरूरी है या जिनके काम को देखते हुए छूट दी गई है, उन्हें जांच के बाद आगे जाने दिया जा रहा है. यही स्थिति कांके रोड, रातू रोड, हरमू चौक, हीनू समेत राजधानी के अन्य हिस्सों की है.
जिन लोगों के बारे में पुलिस को यह लगता है कि वह बेवजह घऱ से निकले हैं, वैसे लोगों को पुलिस के जवान वापस घर लौटने के लिये कह रहे हैं. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि वे ड्यूटी कर रहे हैं. लोगों की जिंदगी बचानी है.
लोग मान नहीं रहे हैं. लापरवाह बने हुए हैं. खुद की औऱ अपने परिवार के लोगों की जान के दुश्मन बन रहे हैं. पुलिस नहीं चाहती कि ऐसी स्थिति में लोगों पर कार्रवाई की जाये. इसलिये अभी समझाया जा रहा है. नहीं मानें तो बाद में सख्त कार्रवाई की जायेगी.

केवल उन्हीं वाहनों को पार होने दिया ज रहा जो आवश्यक सेवा में हैं. एंबुलेंस, मेडिकल इमरजेंसी, खाद्य पदार्थों की ढुलाई या किसी बहुत जरूरी काम से गुजरने वालों को पूछताछ करने के बाद ही बैरिकेड से गुजरने की अनुमति दी जा रही है.
लॉकडाउन के पहले दिन लोगों ने दिखाई थी लापरवाही
बता दें कि लॉकडाउन के पहले दिन सोमवार को राजधानी रांची में लोगों ने नियमों का उल्लंघन करते हुए काफी लापरवाही बरती थी. जिसके बाद रांची पुलिस को सख्ती दिखानी पड़ी थी. झारखंड के डीजीपी एमबी राव सहित एसपी और कई अधिकारियों को सड़क पर उतरकर लोगों को समझाना पड़ा था. सोमवार की सुबह लॉकडाउन का मजाक उड़ाया गया. सरकार और प्रशासन के आदेश को ताक पर रख लोग सड़क पर निकले थे.
इसे भी पढ़ेंः#Covid19 के खिलाफ भारत के प्रयास को WHO ने सराहा, कहा- आपकी कोशिशों पर निर्भर करेगा #Corona का भविष्य




