
Jamshedpur : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना इलाके में बुधवार को हुई बाइस वर्षीय युवक मनप्रीत सिंह की हत्या के मामले में जो जानकारी छनकर आ रही उसके मुताबिक पुरानी रंजिश उसकी हत्या की वजह बनी. पिछले दिनों हुई मारपीट के बाद खुन्नस खाये युवक मौके के इंतजार में थे और ज्योंहि मौका हाथ लगा काम तमाम कर दिया.
बताया गया है कि मनप्रीत भी आपराधिक प्रवृति का युवक था. उसका नाम भालूबासा इलाके में हुई गोलीबारी के मामले में सामने आया था. केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था. जेल से वापस आने के बाद उसका युवकों से विवाद हुआ था. यह भी बताते हैं कि जेल से निकलने के बाद वह पंजाब चला गया था. वहां से आज ही वापस लौटा था. यह बात विवाद के बाद खुन्नस खाये युवकों को पता चल गई. सभी योजना के तहत बुधवार अपराह्रन साढ़े चार बजे सिदगोड़ा थाना इलाके से एग्रिको के शिव सिंह बगान स्थित मनप्रीत के आवास में पहुंचे. युवकों में राहुल, नवीन, अक्षय सिन्हा और गौरव गुप्ता शामिल थे. सभी एकबारगी घर में दाखिल हुए और मनप्रीत को एक के बाद एक तीन गोली मार दी. तीन गोली सिर, हाथ और पैर में मारी गई. गोली मारने के बाद सभी युवक चलते बने. मनप्रीत को गंभीर हालत में टीएमएच ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया. मनप्रीत टिनप्लेट गुरुद्वारा के पूर्व पदधारी कुलवंत सिंह खरेला का पौत्र था. मनप्रीत की हत्या की सूचना के बाद सेंट्रल गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान गुरमुख सिंह मुखे समेत सिख समाज के गणमान्य लोग टीएमएच पहुंचे.

ये भी पढ़ें- Jamshedpur Big Breaking : सिदगोड़ा में दिनदहाड़े तड़तड़ाई गोलियां, युवक को किया छलनी, मौत




