
Ranchi: अधिकारियों की कमी से राज्य सरकार, जिला व प्रखंड स्तर पर कामकाज पूरी तरह से प्रभावित हो रहा है, बावजूद इसके सरकार अब भी सैंकडों अधिकारियों को वेटिंग फॉर पोस्टिंग पर रखे हुए है. जिला, अनुमंडल, प्रखंड- अंचल स्तर पर सैकडों पद खाली है जिनमें भारतीय प्रशासनिक सेवा, झारखंड प्रशासनिक सेवा, राजस्व सेवा सहित बीडीओ-सीओ की पोस्टिंग की जानी है. आइएएस से एसडीएम बनने के लिए पांच अधिकारी, झाप्रसे से एसडीओ बनने के लिए करीब एक दर्जन अधिकारी समेत अन्य विभिन्न पदों पर लगभग 40 से अधिक पदाधिकारी वेटिंग में हैं. वहीं, प्रखंड स्तर पर भी बड़े पैमाने पर प्रखंड विकास पदाधिकारी के पद रिक्त हैं. सूत्रों के अनुसार 40 प्रखंड ऐसे हैं जहां कई महिनों से बीडीओ नहीं है. इन प्रखंड में दूसरे प्रखंडों या अंचल अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार देकर कामकाज कराया जा रहा है. ग्रामीण विकास विभाग में झाप्रसे सेवा के एक अधिकारी को लगभग एक साल से बिना काम के बिठा कर रखा गया है, इनकी पोस्टिंग नहीं की जा रही है. वे अभी ग्रामीण विकास से ही वेतन उठा रहे हैं. वहीं, 29 जुलाई को भी 12 झारखंड प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की सेवा ग्रामीण विकास विभाग को बीडीओ के पद के लिए दी गयी थी. इन अधिकारियों की दो माह बाद भी अब तक पोस्टिंग नहीं की गयी है. ये भी बिना काम के बैठे हैं. ग्रामीण विकास विभाग इस पर निर्णय नहीं ले पा रहा है, उच्च स्तर पर फाइल लंबित है. ऐसे में अधिकारियां की कमी तो एक अलग वजह है पर जिनकी सेवा मिली है उनसे भी काम महिनों से नहीं लिया जा रहा है. प्रखंड में नियमित बीडीओ के नहीं रहने से विकास के सारे काक प्रभावित हो रहे हैं, ग्रामीणों को भी कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.




