GiridihJharkhand

एसपी ने की अपराध समीक्षा बैठक, गिरिडीह के भूमाफियाओं से हर थानेदार को दूर रहने का दिया निर्देश

Giridih : त्योहारी सीजन को लेकर मंगलवार को गिरिडीह पुलिस कार्यालय में खास अपराध समीक्षा बैठक की गयी. एसपी दीपक कुमार शर्मा ने जिले में कम होते अपराध पर खुशी जतायी और कहा कि ऐसे ही हर थाना प्रभारी और डीएसपी सक्रिय रहे. क्योंकि त्योहार नजदीक आ चुके हैं. इस दौरान एसपी ने हर थाना प्रभारी से जानकारी ली. थाना प्रभारियों ने बताया कि थानावार भूमाफियाओं की लिस्ट लगभग बन कर तैयार है. अपराध समीक्षा बैठक में आई बातों के अनुसार हर थाना प्रभारियों को भूमाफियाओं की लिस्ट को दोबारा जांच कर अपटूडेट करने का सुझाव दिया गया है. जिसे कोई भूमाफिया कार्रवाई से बचे नहीं. बैठक में यह भी बात सामने आयी कि सबसे अधिक नगर थाना के साथ पचंबा और मुफ्फसिल थाना इलाके में भूमाफियाओं का वर्चस्व है. एसपी शर्मा ने जिला मुख्यालय के इन थानेदारों को कड़ा निर्देश देते हुए कहा कि किसी सूरत में भूमाफियाओं को संरक्षण देने का प्रयास होने पर वैसे थानेदार कार्रवाई के लिए भी तैयार रहें. बैठक में दुर्गा पूजा को लेकर एसपी ने गश्ती तेज करने का निर्देश दिया. जबकि जरूरत के अनुसार सीसीटीवी कैमरे लगाने की बात कही गई. साथ ही एसपी ने लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने और महिलाओं से जुड़े अपराध के प्रति भी गंभीर रहने का सुझाव दिया. इधर अपराध समीक्षा बैठक में एसडीपीओ सुमित प्रसाद, नौशाद आलम, साइबर डीएसपी संदीप सुमन समदर्शी के साथ नगर थाना प्रभारी भिखारी राम, मुफ्फसिल थाना प्रभारी कमलेश पासवान, पचंबा थाना प्रभारी मुकेश दयाल सिंह, बिरनी थाना प्रभारी मृत्युजंय सिंह, डुमरी थाना प्रभारी पवन कुमार, बेंगाबाद थाना प्रभारी ममता कुमारी समेत कई थाना प्रभारी मौजूद थे.

इसे भी पढ़ें – बूढ़ा पहाड़ की बदल रही फिजां, कम्युनिटी पुलिसिंग से जुड़ रहे ग्रामीण, जवान दे रहे बच्चों को शिक्षा

Related Articles

Back to top button