
Ranchi : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) नयी दिल्ली की तरफ से 10वीं बोर्ड के नतीजों की घोषणा की तिथि एक बार फिर बदल दी गयी है. पहले पांच मई को 10वीं बोर्ड के नतीजे घोषित किये जाने थे. इसमें फेरबदल करते हुए छह मई किया गया है.
इसे भी पढ़ें- गोड्डा से महागठबंधन प्रत्याशी प्रदीप यादव पर लगा यौन उत्पीड़न का आरोप
सभी रीजन के नतीजे एक साथ किये जायेंगे घोषित
छह मई को देश भर के 51 संसदीय सीटों के लिए छठे चरण का मतदान भी होना है. 12वीं बोर्ड के नतीजों की तरह ही सीबीएसई की तरफ से 10वीं के भी सभी रीजन के नतीजे एक साथ घोषित किये जायेंगे. रांची में सीबीएसई के स्थानीय कोऑर्डिनेटर डॉ. मनोहर लाल ने बताया कि रविवार को 10वीं के परिणाम नहीं आ रहे हैं.
परिणाम की तिथि में बदलाव किया गया है. अभी तक हमलोगों के पास नतीजे घोषित होने के समय की जानकारी नहीं दी गयी है. उन्होंने कहा कि रांची से 12 हजार से अधिक छात्रों ने सीबीएसई बोर्ड की परीक्षा दी है. रांची में 52 से अधिक स्कूल सीबीएसई बोर्ड से संबद्ध हैं.
इसे भी पढ़ें- जैक छात्रों के लिए खुशखबरी, छात्रों को मिलेंगे अच्छे नंबर, इसी माह आ जायेगा इंटर और मैट्रिक…
सीबीएसई ने शुरू की पोस्ट रीजल्ट काउंसेलिंग
सीबीएसई की तरफ से 16 मई तक पोस्ट रीजल्ट काउंसेलिंग शुरू की गयी है. इसके जरिये सीबीएसई के 72 पैनलिस्ट प्राचार्य छात्रों और अभिभावकों के सवालों का उत्तर देकर, उनकी जिज्ञासाओं को शांत कर रहे हैं.
सीबीएसई की वरीय पीआरओ रामा शर्मा ने कहा है कि इसको लेकर एक टॉल फ्री नंबर 18001180004 जारी किया गया है. इसमें फोन करनेवाले बच्चों अथवा उनके अभिभावकों को सुबह आठ बजे से लेकर रात्रि 10 बजे तक उत्तर दिया जा रहा है. इसमें 12वीं के बाद कैरियर के विकल्प से लेकर 10वीं के बार उच्चतर पाठ्यक्रम के स्ट्रीम की जानकारी भी दी जा रही है.




