
Palamu : पलामू प्रमंडल में पिछले 24 घंटे के दौरान 7 सड़क हादसे हुए, जिससे 8 लोगों की मौत हो गयी. कई जख्मी हैं और जीवन और मौत के बीच जूझ रहे हैं. पलामू और गढ़वा में तीन-तीन, जबकि लातेहार में एक सड़क दुर्घटना हुई है. इसमें पलामू और गढ़वा में तीन-तीन, जबकि लातेहार में दो मौतें हुई हैं.
गुरूवार को पलामू-गढ़वा में दो की मौत
गुरूवार की दोपहर पलामू-गढ़वा में दो सड़क हादसे हुए, जिससे दो युवकों की मौत हो गयी. पहली घटना पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर से सटे चैनपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर मजार शरीफ के समीप हुई. यहां ओवरलोड हाइवा ने एक बाइक को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे बाइक चला रहे युवक की इलाज के लिए रांची ले जाने के दौरान मौत हो गयी, जबकि बाइक पर बैठी अधेड़ महिला की स्थिति गंभीर हो गयी. महिला को बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया गया है. घटना के बाद ओवरलोड हाइवा को पुलिस जब्त कर लिया है और थाना परिसर में रखा है. चालक फरार हो गया है.
जानकारी के अनुसार मृत बाइक चालक की पहचान मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के आजादनगर सुदना निवासी संतोष कुमार गुप्ता (35वर्ष) के रूप में हुई है. जख्मी महिला की पहचान आजादनगर सुदना के ही रहने वाली केशरी देवी (60वर्ष), पति धर्मदेव मेहता के रूप में हुई है. संतोष केशरी देवी के मकान में किराना दुकान चलाता था. संतोष गुप्ता के दो लड़के है. पहला लड़का 12 साल का और दूसरा 14 साल का है.
उधर, गढ़वा के श्री बंशीधर नगर-भवनाथपुर मुख्य मार्ग पर यहां नेपालखोह जंगल के समीप गुरुवार की दोपहर सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गयी. मृत युवक की पहचान नगर ऊंटारी थाना क्षेत्र के बारोडीह गांव निवासी जगदीश पासवान के 21 वर्षीय पुत्र बिमलेश पासवान के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिये गढ़वा भेज दिया है.
इसे भी पढ़ें : IAS पूजा कथाः “मैंने चार बार देखा कि पूजा सिंघल को जेई ने पांच-पांच सौ के नोटों की 18-20 गड्डियां घूस में दीं”




