
Dhanbad: नया साल स्वास्थ्य के क्षेत्र में नई उम्मीदें लेकर आ रहा है. अब गंभीर रूप से बीमार मरीजों को धनबाद में ही सुपर स्पेशियलिटी इलाज मिल सकेगा. एसएनएमएमसीएच के पीजी कैंपस में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनकर तैयार है. इस सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल को इसी वित्तीय वर्ष में यानी मार्च-2013 से पहले शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके लिए झारखंड सरकार से लेकर एसएनएमएमसीएच प्रबंधन तक सक्रिय हुआ है. डॉक्टरों की नियुक्ति की प्रक्रिया राज्यस्तर पर शुरू हो चुकी है. वहीं कार्यकारी एजेंसी सीपीडब्ल्यूडी एसएनएमएमसीएच प्रबंधन को भवन हैंडओवर करने की तैयारी में है.
इसे भी पढ़ें: कोडरमा: अहिबरण जयंती को लेकर मोदी बर्णवाल समाज ने झुमरीतिलैया में निकाली शोभा यात्रा
बता दें कि एसएनएमएमसीएच कैंपस में सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का निर्माण 2016 में शुरू हुआ था. 167 करोड़ रुपए की लागत से 200 बेड का हॉस्पिटल बनकर तैयार है. कुल राशि में से 87 करोड़ रुपए मशीन उपकरण पर और भवन निर्माण पर 80 करोड़ रुपए खर्च किया गया है. यहां 160 जनरल और 40 आईसीयू बेड है. यहां आठ मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर का निर्माण कराया जा चुका है. जांच से लेकर इलाज तक के लिए एक से बढ़कर एक चिकित्सीय उपकरण लगाए गए हैं. अधिकारियों की मानें, तो भवन निर्माण से लेकर वहां उपकरण के अधिष्ठापन का काम लगभग पूरा हो चुका है. विशेषज्ञ चिकित्सक मिलते ही यहां मरीजों का इलाज शुरू कर दिया जाएगा. अस्पताल शुरू होने से गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों को इलाज के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा. फिलहाल यहां सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) और एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ईटीपी) का निर्माण किया जाना है. अधिकारियों के अनुसार एसटीपी और ईटीपी निर्माण का काम तेजी से चल रहा है.
आठ विभागों का होगा संचालन:
– न्यूरो सर्जरी
– नेफ्रोलाजी
– कार्डियोलाजी
– कार्डियो सर्जरी
– यूरोलाजी
– मेडिकल गैस्ट्रोइंट्रोलाजी
– सर्जिकल गैस्ट्रोइंट्रोलाजी
– प्लास्टिक व बर्न सर्जरी
मेडिकल कॉलेज को 100 एमबीबीएस सीट के साथ मिल सकता है पीजी:
एसएनएमएमसीएच में इस साल एमबीबीएस सीटों की संख्या बढ़ने की संभावना जताई जा रही है. इसके लिए एनएमसी को नए सिरे से आवेदन किया गया है। साथ ही साथ मेडिकल कॉलेज ने सात विषय मेडिसिन, सर्जरी, ऑब्स एंड गायनी, एनेस्थीसिया, आर्थोपेडिक, बायोकेमिस्ट्री और पैथोलॉजी के लिए भी आवेदन किया है. इसके लिए एनएमसी की टीम कभी भी मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर सकती है. डॉ रवि भूषण, नोडल ऑफिसर, सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल ने बताया कि जनवरी में सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल शुरू करने की तैयारी है. इसके लिए भवन निर्माण के बचे कार्यों को पूरा कराया जा रहा है. रांची में डॉक्टरों की नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है.




